पश्चिम बंगाल के सिलीगुड़ी में एक शादी समारोह में अचानक हंगामा हो गया। दरअसल शादी में अचानक पहुंची एक महिला ने दावा कर दिया कि दूल्हा उसका पति है। घटना शहर के झंकार मोड़ स्थित एक बारात घर की है। मामला सामने आने के बाद दूल्हे के खिलाफ उसकी कथित पहली पत्नी और दुल्हन के परिवार के लोगों ने सिलीगुड़ी थाने में शिकायत दर्ज कराई है।
महिला ने पेश किए सबूत तो उड़े होशः मंगलवार को यहां शादी चल रही थी। मंडप में दूल्हा-दुल्हन सजधज कर बैठे थे, शहर के कई जाने-माने लोग मौजूद थे।शादी के बीच में गोद में बच्चा लेकर पहुंची महिला ने जब दूल्हे को अपना पति बताया तो सभी हक्के-बक्के रह गए। पहले तो महिला की बातों पर लड़की वालों के परिवार ने यकीन नहीं किया। बाद में महिला ने उसके साथ रिश्ता और उसके बच्चे का पिता होने के सबूत पेश किए तो सबके होश उड़ गए। इसी बीच मंडप में बैठा दूल्हा भड़क गया और महिला को जान से मारने की धमकी देने लगा।
5 साल के प्यार के बाद हुई थी शादी: जानकारी के मुताबिक दूसरी बार दूल्हा बनने वाला आरोपी युवक राजेश प्रसाद शहर के तीन नंबर वार्ड के गुरूंग बस्ती इलाके का निवासी है। आरोप लगाने वाली महिला दुर्गा होड़ ने पुलिस और वहां मौजूद लोगों के सामने बच्चे का जन्म प्रमाण पत्र पेश किया। दुर्गा होड़ का मायका माल्लागुड़ी से लगे इलाके में है। उसके मुताबिक बीते सात सालों से राजेश प्रसाद के साथ उसका प्रेम संबंध था। दो साल पहले दोनों ने गुरूंग बस्ती के एक मंदिर में विवाह किया। इसके बाद पारिवारिक समस्या दिखाकर राजेश ने दुर्गा को अपने घर लाने की बजाय उसे जलपाई मोड़ इलाके में एक किराये के मकान में रखा था।