Shrikant Tyagi: नोएडा के चर्चित गालीबाज नेता श्रीकांत त्यागी गुरुवार (20 अक्टूबर, 2022) को गौतमबुद्ध नगर की लक्सर जेल से रिहा हो गया है। इस दौरान श्रीकांत त्यागी ने कहा, ‘मैं अब नोएडा के ओमेक्स सोसायटी में अपने घर जा रहा हूं। मैंने समाज के लिए काम किया है और हर मुश्किल वक्त में मेरा समाज ही मेरे साथ खड़ा था’। त्यागी लगभग 72 दिनों बाद जेल से रिहा होकर 7 गाड़ियों के काफिले के साथ ओमेक्स सोसाइटी पहुंचा।
नोएडा की ग्रैंड ओमैक्स सोसायटी में महिला से बदसलूकी के आरोपी श्रीकांत त्यागी को इलाहाबाद हाईकोर्ट ने 17 अक्टूबर, 2022 को बेल पर रिहा करने का फैसला सुनाया था। त्यागी 9 अगस्त से जेल में बंद था। निचली अदालत से मायूसी हाथ लगने के बाद उसने जमानत के लिए हाईकोर्ट का रुख किया था। जस्टिस सुरेंद्र सिंह प्रथम ने श्रीकांत त्यागी की जमानत अर्जी पर सुनवाई करते हुए ये आदेश दिया था।
बता दें कि श्रीकांत त्यागी को नोएडा की ग्रैंड ओमैक्स सोसायटी में एक महिला के साथ बदसलूकी करने के आरोप में गिरफ्तार किया गया था। त्यागी के वकील वरिष्ठ अधिवक्ता जीएस चतुर्वेदी, अमृता राय मिश्रा और आलोक रंजन ने उनके पक्ष को रखा था। बचाव पक्ष के वकील ने कहा कि उनके क्लाइंट श्रीकांत त्यागी को जानबूझकर झूठे आरोपों में फंसाया गया है।
श्रीकांत त्यागी की पत्नी ने बीजेपी सांसद महेश शर्मा पर लगाए थे गंभीर आरोप
श्रीकांत त्यागी की पत्नी अन्नू त्यागी ने बीजेपी सांसद महेश शर्मा पर गंभीर आरोप लगाए थे। उन्होंने कहा था कि उनके परिवार को सबसे बड़ा खतरा महेश शर्मा से है। उन्होंने पहले भी इस पूरे मामले में महेश शर्मा की बड़ी भूमिका बताई थी। अन्नू त्यागी ने ये सभी बयान अपने सोशल मीडिया अकाउंट पर शेयर किए थे। वहीं श्रीकांत त्यागी की गिरफ्तारी के बाद उत्तर प्रदेश का त्यागी समाज लामबंद हो गया था। त्यागी समाज ने कई गांव में बीजेपी नेताओं के न आने के पोस्टर-बैनर चस्पा किए थे।
श्रीकांत त्यागी के समर्थन में त्यागी समाज हो गया था लामबंद
त्यागी समाज श्रीकांत त्यागी के समर्थन में त्यागी समाज का प्रदर्शन हर रोज आग की तरह से प्रदेश के कई हिस्सों में फैला गया था। सहारनपुर में डीएम ऑफिस के सामने त्यागी समाज के बैनर तले त्यागी महासभा का जोरदार प्रदर्शन देखने को मिला था। उनका साफ तौर पर यही कहना था कि श्रीकांत त्यागी और उसके परिवार के साथ अन्याय हो रहा है। त्यागी समाज जिला अध्यक्ष शिवकुमार त्यागी ने कहा था कि अगर श्रीकांत से फर्जी मुकदमें नहीं हटाए गए तो वो सरकार की ईंट से ईंट बजा देंगे।’
