सीएए और एनआरसी के विरोध में अल्पसंख्यक समुदाय ने आज पूरे जनपद और सहारनपुर मंडल में अपनी दुकानें और कारोबार बंद रखे। डीआइजी उपेंद्र अग्रवाल ने बताया कि इस बंद का पूरे मंडल में आंशिक असर ही देखने को मिला है। दोपहर दो बजे तक कहीं से भी हिंसा, जोर जबरदस्ती या अन्य कोई घटना सुनने और देखने को नहीं मिली। लोग अपनी मर्जी से अपने प्रतिष्ठानों को बंद किए हुए हैं।
सहारनपुर के कस्बा देवबंद, नकुड़, सरसावा, चिलकाना, छुटमलपुर, बेहट और सहारनपुर नगर के इलाकों में बंद का असर दिखाई दिया। डीआइजी ने आगे बताया कि सहारनपुर मंडल के मुजफ्फरनगर और शामली जिलों से भी बंद की मिलीजुली खबरें मिली हैं। पुलिस अधिकारी सड़कों पर गश्त करने के साथ-साथ स्थिति पर कड़ी निगरानी रखी हुई है। दूसरी ओर, देबवंद के ईदगाह में महिलाओं का धरना जारी है। एसपी देहात विद्यासागर मिश्र देवबंद में कैंप किए हुए हैं।
कुष्ठ रोग के खिलाफ अभियान से अच्छे नतीजे, घटी है कुष्ठ रोगियों की संख्या
कुष्ठ रोग के खिलाफ चिकित्सा और स्वास्थ्य विभाग द्वारा चलाए गए अभियान के अच्छे नतीजे सामने आ रहे हैं। सीएमओ बीएस सोढ़ी ने बताया कि राष्ट्रीय कुष्ठ उन्मूलन कार्यक्रम के अंतर्गत कुष्ठ रोगियों का नि:शुल्क उपचार किया जाता है।
पिछले पांच सालों में इस अभियान से सकारात्मक नतीजे सामने आए है। वर्ष 2015 में कुष्ठ रोगियों की संख्या सहारनपुर जनपद में 148 थी। वर्ष 2016 में 123 और वर्ष 2017 में 103 और वर्ष 2018 में 100 थी। वहीं बीते वर्ष 2019 में यह संख्या घटकर मात्र 85 रह गई। इसमें 53 पुरूष और 32 महिलाएं हैं इसमें कोई भी बच्चा इस रोग से ग्रस्त नहीं है। इस अभियान के जिला नोडल अधिकारी डा. धर्मवीर ने बताया कि यह रोग छूने से नहीं फैलता है। कुछ रोगियों के छींकने से 3 से 4 फीसद तक कम प्रतिरोगात्मक शक्ति वाले लोगों को संक्रमण हो सकता हैं।
सीएमओ बीएस सोढ़ी ने आगे बताया कि महात्मा गांधी ने अपने जीवनकाल में कुष्ठ रोगियों की भरपूर सेवा की और उन्हें समाज की मुख्य धारा से जोड़ने का प्रयास किए। इसलिए उनकी पुण्यतिथि 30 जनवरी जिसे राष्ट्रीय कुष्ठ रोग दिवस के रूप में मनाया जाता है। इस जागरूकता अभियान के रूप में 31 जनवरी से 13 फरवरी तक चलेगा।
कुष्ठ रोग विशेषज्ञ चिकित्सक डा. धर्मवीर ने बताया कि कुष्ठ रोग माइको बेक्ट्रजीरिया लेप्राई और लेप्रो मेटोसिस किटाणुओं से फैलता है। इस रोग का पूरी तरह से उपचार छह माह से एक साल के भीतर रोगी रोगमुक्त हो जाता है।
सहारनपुर मंडल में तोड़ेंगे सीएनजी युक्त ऑटो</strong>
सहारनपुर मंडल के मुजफ्फरनगर और शामली जिलों में सीएनजी ईंधन के पंप शुरू हो जाएंगे। कमिश्नर संजय कुमार ने आज यह जानकारी देते हुए बताया कि 16 किलोमीटर क्षेत्र में सीएनजी युक्त ऑटो को नगर सीमा में संचालन की अनुमति दी गई है। उन्होंने बताया कि इसके लिए सहायक संभागीय परिवहन अधिकारी कपिल देव सिंह, आरटीओ प्रवर्तन राधेश्याम, उप परिवहन आयुक्त संजय माथुर, जिलाधिकारी सहारनपुर आलोक पांडे को इस संबंध में आवश्यक निर्देश दिए गए हैं। कमिश्नर संजय कुमार ने बताया कि सहारनपुर जिले में 105 स्कूली वाहनों के परमिट निरस्त कर दिए गए हैं। इन वाहनों की तय अवधि पूरी हो चुकी थी। बस की अवधि 15 वर्ष, वैन की अवधि 10 वर्ष है। अधिकारियों से कहा गया है कि वे स्कूल संचालकों को निर्देशित करें कि वे अवधि समाप्त हो चुके वाहनों का इस्तेमाल ना करें।
स्कूटर सवार को ट्रैक्टर ट्रजॅली ने कुचला, अस्पताल में मौत
सरसावा थाना क्षेत्र में अंबाला-सहारनपुर सड़क मार्ग पर बीती रात 50 साल के स्कूटर चालक दिनेश कुमार राय की सड़क हादसे में मौत हो गई।
थाना प्रभारी अशोक सोलंकी ने आज बताया कि दिनेश कुमार राय पुत्र कामेश्वर राय यमुनानगर से सहारनपुर जयदुर्गा कुष्ठ आश्रम के लिए आ रहा था कि सरसावा में शक्तिपीठ वेष्णोधाम के पास खाद्यान्न से लदे ट्रैक्टर ट्रॉली ने उसे सामने से टक्कर मार दी।
पुलिस कर्मियोें ने घायल दिनेश कुमार को मेडिकल कालेज अस्पताल ले गए, जहां चिकित्सकों ने उसे मृत घोषित कर दिया।
