मध्य प्रदेश के पूर्व सीएम शिवराज सिंह चौहान ने कांग्रेस अध्यक्ष राहुल गांधी पर तंज कसा है। उन्होंने मध्य प्रदेश में किसानों की कर्जमाफी को लेकर राहुल को झूठ बोलने वाला कहा है। साथ ही शिवराज ने कहा कि कर्जमाफी के ऐलान के बाद भी आज तक किसानों का कर्ज माफ नहीं हुआ। उन्होंने कहा कि राहुल ने कहा था कि दो महीने में कर्ज माफ न करने पर वो सीएम को हटा देंगे। यह वादा उनको पूरा कर देना चाहिए।

मध्य प्रदेश के पूर्व सीएम शिवराज ने कांग्रेस अध्यक्ष के कर्जमाफी के ऐलान पर तंज कसते हुए कहा कि राहुल जी ने 10 दिन में कर्ज माफ न होने पर मुख्यमंत्री को हटाने की बात कही थी पर दो माह बीत गए। यह वादा तो उनको पूरा करना चाहिए। उन्होंने कहा कि मुख्य सचिव के केवल कागजों पर लिख देने से कर्जमाफ नहीं हो जाता। एक भी किसान के बैंक खाते में आज तक माफी का पैसा नहीं पहुंचा। कर्जमाफी के लिए फॉर्म भरवाए जाने को लेकर भी तंज कसा है। उन्होंने कहा कि टेक्नॉलजी के दौर में फॉर्म भरवाने का नाटक किया जा रहा है। जब तक फॉर्म भरवाए जाएंगे तब तक लोकसभा चुनाव बीत जाएगा।

मध्य प्रदेश के चुनाव परिणामों का भी जिक्र करते हुए शिवराज ने कहा, ‘मध्य प्रदेश के चुनाव विचित्र हुए। हम जीते नहीं, बहुमत नहीं मिला लेकिन कांग्रेस भी नहीं जीती। आधी-अधूरी और लंगड़ी सरकार बनाई गई है। कब तक चलेगी और कब टपक जाए कहा नहीं जा सकता।’ इसके बाद उन्होंने कहा कि चुनाव के बाद मेरे पास भी जोड़तोड़ कर सरकार बनाने का मौका था लेकिन मेरा फैसला था कि जब बहुमत मिलेगा तभी सरकार बनाएंगे।