Kumbh Mela 2019 : कुंभ मेले में पुलिस ने शुक्रवार को एक सीरियल किलर को गिरफ्तार किया। वह मेला परिसर में 2 साधुओं की हत्या करना चाहता था। पूछताछ में उसने पिछले 6 महीने में 10 लोगों की हत्या करने की बात कबूली। वहीं, उसके शिकार बने 3 लोग अब भी अस्पताल में जिंदगी-मौत से जूझ रहे हैं।

अकेले सो रहे लोगों पर करता था हमला : इलाहाबाद के एसएसपी नितिन तिवारी ने बताया कि आरोपी ने अब तक सभी वारदात शहर में ही अंजाम दी हैं। उसकी पहचान कलुआ उर्फ साईं बाबा उर्फ सुभाष के रूप में हुई। वह लालपुर थाना एरिया में आने वाले बसेहारा गांव में रहता है। पूछताछ में आरोपी ने बताया कि वह अकेले सो रहे लोगों पर धारदार हथियार से हमला करता था। एसएसपी के मुताबिक, आरोपी को सीसीटीवी फुटेज की मदद से पकड़ा गया।

इन इलाकों में कीं 10 हत्या : पूछताछ में आरोपी ने 10 मर्डर करने की बात कबूल की। उसने इन वारदात को शहर के ओल्ड सिटी एरिया, कैदगंज, परेड ग्राउंड और कुंभ मेला एरिया में अंजाम दिया। इन वारदात में 4 जुलाई 2018 को बाई का बाग एरिया स्थित दुर्गा पार्क में 2 मजदूरों की हत्या, 27 नवंबर को परेड ग्राउंड में एक शख्स का कत्ल और 24 दिसंबर को कोठा पर्चा इलाके में एक व्यक्ति का मर्डर भी शामिल है। फिलहाल इन कत्ल की वजह स्पष्ट नहीं हुई हैं।

3 लोगों की हालत गंभीर : पुलिस के मुताबिक, इस सीरियल किलर ने 10 जनवरी को कैदगंज में एक होटल के पास सो रहे शख्स का गला काट दिया था। वहीं, 18 जनवरी को शास्त्री ब्रिज के पास फुटपाथ पर सो रहे 3 लोगों पर भी हमला किया था। इस हमले में 2 लोगों की मौत हो गई थी। वहीं, कुछ दिन पहले उसने कुंभ मेला एरिया में बने अखाड़ा पुलिस स्टेशन के पास सो रहे एक व्यक्ति की हत्या की कोशिश की थी। सीरियल किलर का शिकार बने तीन लोग अब भी अस्पताल में भर्ती हैं।

कुल्हाड़ी से करता था हमला : एसएसपी ने बताया कि आरोपी व्यक्ति वारदात को अंजाम देने से पहले पीड़ितों के चेहरे कपड़े से ढंक देता था। उसकी निशानदेही पर पुलिस ने एक कुल्हाड़ी और एक लकड़ी का बैट बरामद किया है। एडीजी जोन एनएन सबत ने सीरियल किलर को पकड़ने वाली टीम को 50 हजार रुपए का इनाम देने की घोषणा की है।