बिहार के मुख्यमंत्री नीतीश कुमार की सुरक्षा में बड़ी चूक का मामला सामने आया है। वह मॉर्निंग वॉक के लिए निकले थे तभी दो बाइक सवार उनके काफी पास आ गए। कहा जा रहा है कि नीतीश कुमार बाल-बाल बच गए। पुलिस ने दोनों बाइकर्स को हिरासत में ले लिया है और उनसे पूछताछ कर रही है। स्थानीय मीडिया रिपोर्ट्स के मुताबिक, इसके पीछे लहरिया कट बाइक गैंग हो सकता है।
यह घटना उस वक्त हुई, जब मुख्यमंत्री अपने आवास अणे मार्ग के पास सुबह टहल रहे थे। तभी 6.45 बजे तेज रफ्तार में दो बाइकर्स उनके सुरक्षा घेरे में घुस गए और मुख्यमंत्री के पास से तेज रफ्तार में कट मारकर निकले। तब मुख्यमंत्री ने साइड हटकर खुद को बचाया। हिंदुस्तान की रिपोर्ट के अनुसार, एक पुलिस अधिकारी ने नाम ना छापने की शर्त पर बताया कि बाइकर्स को देख मुख्यमंत्री डर गए और तुरंत कूदकर फुटपाथ की तरफ गए और अपनी जान बचाई।
अब पुलिस दोनों बाइकर्स से पूछताछ कर रही है। इस घटना के बाद हाई लेवल मीटिंग बुलाई गई। इस घटना के बाद मुख्यमंत्री की सुरक्षा को लेकर सवाल उठ रहे हैं। घटना के बाद पुलिस और ट्रैफिक पुलिस के आला अधिकारी मौके पर पहुंचे।
फिलहाल इस मामले पर कोई अधिकारी बोलने को तैयार नहीं है। बताया जा रहा है कि लहरिया कट बाइक चालक ने मुख्यमंत्री के बगल से बाइक ले जाने की कोशिश की और वह उनके काफी नजदीक आ गया। हालांकि, नीतीश तुरंत फुटपाथ पर चढ़ गए। अगर वह अलर्ट नहीं रहते तो कोई घटना हो सकती थी। बाइक सवार को तुरंत पकड़ लिया गया और उनसे पूछताछ चल रही है। वहीं, युवक के बारे में भी कोई जानकारी नहीं आई है।
उधर, बिहार के मंत्रिमंडल में बड़ा बदलाव हो सकता है। संतोष कुमार सुमन के इस्तीफे के बाद मंत्रिमंडल का विस्तार किया जा सकता है और विधायक रत्नेश सदा को उनकी जगह कैबिनेट में शामिल किया जा सकता है। वह 16 जून को शपथ ले सकते हैं। उन्हें एससी/एसटी कल्याण विभाग दिए जाने की संभावना है, जिसे संतोष सुमन संभाल रहे थे।