मध्य प्रदेश के उज्जैन से गुजरात के अहमदाबाद वापस लौट रही घूमने गए स्कूली बच्चों की एक बस गोधरा के पास दुर्घटना की शिकार हो गई। पंचमहाल पुलिस अधीक्षक लीना पाटिल के मुताबिक 40 सीटर बस में 107 लोग सवार थे। इनमें से 24 बच्चे घायल हो गए, जबकि कंडक्टर की मौत हो गई। हालांकि स्कूल प्रबंधन ने बस में 70 लोगों के सवार होने की जानकारी दी है। पंचमहाल पुलिस ने विवेकानंद हिंदी हायर सेकंडरी स्कूल के संचालक और बस चालक के खिलाफ प्रकरण दर्ज किया गया है।
…और भयानक हो सकता था हादसा
प्राप्त जानकारी के मुताबिक दाहोद-गोधरा हाईवे पर उज्जैन से अहमदाबाद की ओर जा रही बस पर सुबह के समय चालक ने नियंत्रण खो दिया। इसके चलते परवड़ी चार रास्ता के पास बस डिवाइडर से टकराकर हवा में करीब छह फीट तक उछलकर गड्ढे में जा गिरी। इससे बोनट पर सो रहे कंडक्टर बलवंत सिंह भदौरिया की मौके पर ही मौत हो गई। गनीमत रही कि बस एक पेड़ से टकराकर रूक गई अन्यथा आगे तालाब था जिसके चलते हादसा और भयानक हो सकता था।
‘फेल करने की धमकी देकर ले गए इतनी दूर’
पूरे घटनाक्रम में एक चौंकाने वाली बात सामने आई है। भास्कर की रिपोर्ट के मुताबिक अभिभावकों ने स्कूल प्रबंधन पर गंभीर आरोप लगाया है कि बच्चों को फेल करने की धमकी देकर जबरन इतनी लंबी दूरी पर पिकनिक पर ले जाया गया। वहीं स्कूल के न्यासी लाल सिंह पंजाबी का कहना है कि अभिभावकों की सहमति से बच्चों को उज्जैन प्रवास पर ले गए थे। इस आरोप की आधिकारिक पुष्टि नहीं हो पाई है।