कर्नाटक के कोप्पल जिले में एक दलित महिला को जहर देकर मार दिया गया क्योंकि उसने दूसरे समुदाय में शादी की थी। जानकारी के मुताबिक 20 साल की महिला की कथित तौर पर उसके पति के रिश्तेदारों ने ही हत्या कर दी। महिला अनुसूचित जाति (SC) से थी और उसका पति अनुसूचित जनजाति (ST) समुदाय से था, सिर्फ यह वजह थी कि उसकी जहर देकर हत्या कर दी गई। पुलिस ने पति और छह अन्य लोगों को हत्या का मामला दर्ज कर गिरफ्तार कर लिया है। यह घटना गंगावती तालुक के विठलापुरा गांव में हुई।

क्या है पूरा मामला?

मरियम्मा नाम की महिला मडिगा समुदाय से ताल्लुक रखती थी, 29 अगस्त को सुबह करीब 10 बजे मौत अस्पताल में इलाज के दौरान उसकी मौत हुई। जहर दिए जाने के बाद उसके पति के रिश्तेदारों ने उसे अस्पताल में भर्ती कराया था और दावा किया था कि उसने जहर खा लिया था। कनकगिरी पुलिस के मुताबिक मरियम्मा ने नायका समुदाय से ताल्लुक रखने वाले हनुमैया के साथ भाग कर 2023 में शादी कर ली थी।

मरियम्मा को उसके पति के परिवार ने अपने घर में घुसने की अनुमति नहीं दी थी, इसलिए वह बाहर एक छोटी सी झोपड़ी में रहती थी। सूत्रों ने बताया कि परिवार उसके द्वारा पकाया गया खाना नहीं खाता था। मरियम्मा के पिता गैलेप्पा ने कहा कि उनके परिवार को उनके दामाद के घर पर उनसे मिलने की अनुमति नहीं थी।

गैलेप्पा ने पुलिस में दर्ज शिकायत में कहा कि उनकी बेटी के साथ उसकी जाति के कारण बुरा व्यवहार किया गया। उन्होंने इंडियन एक्सप्रेस से कहा, “हमने उसे कई बार हनुमैया के साथ रिश्ता जारी न रखने के लिए कहा था, लेकिन उसने शादी कर ली। पहले दिन से ही उसे परेशान किया जा रहा था और उसके साथ भेदभाव किया जा रहा था। उन्होंने उसे पीट-पीटकर मार डाला और ऐसा दिखावा किया कि उसने जहर खा लिया है।”

पुलिस ने भारतीय न्याय संहिता की धारा 85 (पति या पति के रिश्तेदार द्वारा महिला के साथ क्रूरता करना), 103 (हत्या), 80 (दहेज हत्या) और 3(5) के तहत मामला दर्ज कर सात आरोपियों को गिरफ्तार कर लिया है।