महाराष्ट्र में समाजवादी पार्टी के नेता और विधायक अबु आजमी ने एक बार फिर महिलाओं को लेकर विवादास्पद बयानबाजी कर दी है। आजमी ने कहा कि देश में सामाजिक बुराइयों के बढ़ने का कारण महिलाओं का पर्दा न करना और लिव-इन-रिलेशनशिप का बढ़ता चलन है। सपा नेता के इस बयान की अब काफी आलोचना हो रही है।

‘लिव-इन में रहने के बाद बलात्कार जैसे आरोप लगाती हैं महिलाएं’?: अबु आजमी ने कहा, “लिव-इन रिलेशनशिप कानून गलत है और यह बहुत घातक है। लड़कियां और महिलाएं लिव-इन रिलेशन के नाम पर एक दो साल साथ रहती हैं और फिर पुरुषों पर बलात्कार जैसे गंभीर आरोप लगाकर मामला दर्ज करवाती हैं।”

सपा नेता आगे बोले- ‘’महिलाओं के इन झूठे आरोपों की वजह से एक व्यक्ति की जिंदगी बर्बाद हो जाती है, इसलिए यह कानून ही गलत है।’’ उन्होंने कहा, ‘’देश में पश्चिमी सभ्यता की हवा चल रही है, जिसमें सब बह रहे हैं। ऐसी चीजों पर तुरंत रोक लगाने की जरूरत है।’’

यह पहली बार नहीं है, जब अबु आजमी अपने विवादास्पद बयान को लेकर सुर्खियों में आए हैं। इससे पहले हाल ही में उन्होंने बॉलीवुड अभिनेत्री कंगना रनौत को लेकर भी ऐसा ही बयान दिया था। आजमी बोले थे कि कंगना महिला हैं तो क्या वह कुछ भी कहेंगी। ऐक्‍शन का रिएक्‍शन तो होगा ही। कंगना ने महाराष्‍ट्र का अपमान किया वह बर्दाश्‍त नहीं किया जाएगा।

इसके अलावा लॉकडाउन के समय जब अबु आजमी बड़ी भीड़ के साथ सड़कों पर उतरे थे। तब उन्हें रोकने आई एक महिला पुलिस अधिकारी से भी उन्होंने अभद्रता की थी। आजमी को एक वायरल क्लिप में कहते सुना गया था- “यह औरत कहती है कि आप पुलिस पे इल्जाम लगाते हो, मैं बात नहीं करुंगी। तेरे बाप के बाप के बाप को बात करनी पड़ेगी।” आजमी के इन आरोपों के बाद में उस महिला पुलिसकर्मी का ट्रांसफर हो गया था।