राजस्थान प्रदेश कांग्रेस कमेटी के अध्यक्ष सचिन पायलट ने कहा कि केन्द्र की भाजपा सरकार ने हमेशा प्रदेश के साथ सौतेला व्यवहार किया है।
पायलट ने आज माण्डलगढ़ विधानसभा क्षेत्र से कांग्रेस प्रत्याशी विवेक धाकड़ के समर्थन में जनसभाओं को सम्बोधित करते हुए कहा कि प्रदेश की जनता जानना चाहती है कि क्या वजह है कि दोनों जगह भाजपा की सरकार होने के बावजूद प्रदेश की अनदेखी क्यों की जा रही है। उन्होंने कहा कि केन्द्र में भाजपा की सरकार बनने के बाद से प्रदेश में कई बार ओलावृष्टि, अतिवृष्टि व सूखे जैसी भीषण आपदायें आई हैं और किसानों को भारी नुकसान उठाना पड़ा है।
उन्होंने कहा कि हर बार प्रदेश की भाजपा सरकार दावा करती है कि आपदा राहत के लिए केन्द्र से सहायता दिलवाई जाएगी। मगर सरकार बनने के साथ ही हुई अतिवृष्टि से बर्बाद हुई फसलों के 10 लाख प्रभावित किसानों को आज तक सरकार मुआवजा नहीं दे सकी है। उन्होंने कहा कि गत् वर्ष आई बाढ़ के दौरान डेढ़ हजार से अधिक गांवों को नुकसान पहुंचा था, लेकिन सरकार बाढ़ पीड़ितों को अब तक कोई राहत नहीं दे सकी है।
पायलट ने कहा कि केन्द्र व राज्य सरकार में गत् चार वर्षों में कोई समन्वय नहीं रहा, जिसका खामियाजा प्रदेश की जनता लगातार भुगत रही है। उन्होंने आरोप लगाया कि भाजपा सरकार ने प्रधानमंत्री को रिफाइनरी योजना के शुभारम्भ के नाम पर प्रदेश में बुलाया था और दिखावा किया गया कि केन्द्र व राज्य सरकार के मध्य सब कुछ सामान्य है ताकि लोगों को भ्रमित किया जा सके।