प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने बिहार के सीतामढ़ी में एक जनसभा को संबोधित किया है। उस रैली में पीएम मोदी ने विपक्ष पर जमकर निशाना साधा। उन्होंने बिहार के पहले चरण की बंपर वोटिंग पर भी पहली बार प्रतिक्रिया दी, उन्होंने इसे आरजेडी के लिए 65 वोल्ट का झटका बता दिया।
पीएम मोदी ने कहा कि आज मां सीता की इस पुण्य भूमि पर आया हूं, आपका आशीर्वाद ले रहा हूं, तो इतने उत्साह से भरे लोगों के बीच वो दिन याद आना स्वाभाविक है। मां सीता के आशीर्वाद से ही बिहार विकसित बिहार बनेगा। ये चुनाव तय करेगा कि आने वाले सालों में बिहार के बच्चों का भविष्य क्या होगा, आपकी संतानों का भविष्य क्या होगा। इसलिए ये चुनाव बहुत अहम है।
पीएम ने आगे कहा कि भारत रत्न जननायक कर्पूरी ठाकुर जी, भोला पासवान शास्त्री जी जैसे महान नेताओं ने बिहार को सामाजिक न्याय और विकास का विश्वास दिया था। लेकिन, जैसे ही बिहार में जंगलराज आया, बिहार में बर्बादी का दौर शुरू हो गया। RJD वालों ने बिहार में विकास का पूरा माहौल ही खत्म कर दिया। इसके बाद पीएम मोदी ने पहले चरण की बंपर वोटिंग पर भी अपनी प्रतिक्रिया दी।
उन्होंने कहा कि पहले चरण की वोटिंग ने जंगलराज के नेताओं को 65 वोल्ट का झटका दिया है। बिहार की जनता ने ‘जंगल राज’ की राजनीति को पूरी तरह नकार दिया है। युवाओं ने विकास और एनडीए पर भरोसा जताते हुए वोट किया है। इससे साफ जाहिर होता है कि बिहार अब बदलाव और स्थिर सरकार का पक्षधर है।
बिहार की जनता को वादा करते हुए पीएम मोदी ने आगे बोला कि मैं आपको भरोसा दिलाता हूं कि बिहार में फिर से NDA सरकार बनते ही हम विकास की इस गति को और मजबूती देंगे और आप लोगों के कल्याण का अधिक काम करेंगे। रैली के दौरान मोदी ने सीएम नीतीश की भी तारीफ की। उन्होंने कहा कि नीतीश जी के नेतृत्व में NDA सरकार ने बिहार का टूटा हुआ भरोसा लौटाया है। अब निवेशक बिहार आने के लिए उत्सुक हैं। यहां अच्छी सड़कें बन रही हैं, रेल और हवाई कनेक्टिविटी बेहतर हो गई है। बिजली के नए-नए कारखाने बन रहे हैं, यहां जो रीगा चीनी मिल है, वो फिर से शुरू हो गई है। आने वाले समय में बिहार में ऐसी मिलें और फैक्ट्रियां बनाने का काम और मजबूती के साथ आगे बढ़ेगा।
ये भी पढ़ें- पहले चरण में बंपर वोटिंग से किसे फायदा?
