देश में इन दिनों मासूम बच्चियों के साथ दरिंदगी की घटनाएं काफी बढ़ चुकी है। कठुआ और मंदसौर की घटना के बाद लोगों में काफी आक्रोश है। रेप के आरोपियों को फांसी देने की मांग की जा रही है। बावजूद, ऐसी घटनाएं नहीं रूक रही है। ताजा मामला मध्यप्रदेश का है, जहां दो नाबालिग लड़कियों के साथ दुष्कर्म की वारदात को अंजाम दिया गया है। एक की उम्र साढ़े चार वर्ष है, वहीं दूसरी की करीब  15 वर्ष। छोटी बच्ची को जहां भोज खिलाने के बहाने ले जाकर आरोपी ने हवस का शिकार बनाया तो 15 वर्षीय छात्रा को अगवा कर उसके साथ बलात्कार किया गया। पुलिस ने एक आरोपी को गिरफ्तार कर लिया है। दो की गिरफ्तारी के लिए छापेमारी की जा रही है।

जानकारी के अनुसार, पहला मामला रायसेन जिला मुख्यालय से 80 किलोमीटर दूर बरेली थाना क्षेत्र का है। यहां कन्याभोज के बहाने एक युवक ने साढ़े चार साल की बच्ची को अपने साथ ले जाकर दुष्कर्म की वारदात को अंजाम दिया। आरोपी की हिम्मत इतनी बढ़ी हुई थी कि आठ दिन बाद वह फिर मासूम को हवस का शिकार बनाने आया। लेकिन इस बार बच्ची द्वारा उसे पहचान लिये जाने के बाद लोगों ने उसे पकड़ लिया। पीड़िता के परिजनों ने जिला मुख्यालय जाकर पुलिस अधीक्षक से इसकी शिकायत की। एसपी ने तत्काल कार्रवाई करते हुए रायसेन कोतवाली में जीरो एफआइआर दर्ज कराकर बरेली पुलिस थाने को भेज दिया। वहीं, आरोपी को भी गिरफ्तार कर लिया गया है।

दूसरी घटना भी बरेली की ही है। यहां 15 वर्षीय छात्रा को उसकी सहेली के भाई ने ही अगवा कर उसके साथ दुष्कर्म किया। इस मामले में छात्रा की सहेली के भाई और उसके दोस्त को आरोपी बनाया गया है। इस बाबत पुलिस ने बताया कि कथित तौर पर नाबालिग के साथ पढ़ने वाली लड़की के भाई संजय सिंह धाकड़ और उसके रिश्तेदार आकाश सिंह धाकड़ चार दिन पहले उसे जबरदस्ती मोटरसाइकिल पर बैठा कर जंगल में ले गये। उसे डराया-धमकाया और फिर दुष्कर्म किया। फिलहाल मामले की प्राथमिकी दर्ज कर ली गई है। आरोपियों की गिरफ्तारी के लिए छापेमारी की जा रही है।