बलात्कार के मामले में सजा काट रहे डेरा सच्चा सौदा प्रमुख गुरमीत राम रहीम सिंह को हरियाणा सरकार के जेल प्रशासन ने 21 दिनें की छुट्टी दी है। रेप और हत्या के मामले में सजा सुनाए जाने के बाद रोहतक की सुनारिया जेल में गुरमीत राम रहीम बंद है। उसे सात फरवरी से लेकर 21 फरवरी तक की छुट्टी मिली है।
डेरा प्रमुख को सोमवार को जेल से रिहा किया जाएगा जिसके बाद वो सिरसा में संगठन के मुख्यालय जा सकते हैं। मेडिकल जांच कराने और अपनी मां से मिलने समेत विभिन्न आधारों पर वह पहले भी तीन बार जेल से रिहा हो चुका है। हरियाणा के ऊर्जा मंत्री रंजीत सिंह ने संवाददाताओं से कहा कि राज्य सरकार का जेल के एक कैदी को पैरोल या फर्लो देने से कोई लेना-देना नहीं है।
उन्होंने कहा- “यह दोषी का कानूनी अधिकार है, जो तीन साल की सजा पूरी करने के बाद पैरोल / फर्लो लेने के योग्य हो जाता है। अन्य कैदियों की तरह, गुरमीत राम रहीम के अनुरोध आवेदन की भी आवश्यक समिति द्वारा जांच की गई जो ऐसे मामलों से निपटती है और उनके अनुरोध को अनुमति दी गई थी।”
आज पार्टी के एक कार्यक्रम में बोलते हुए, हरियाणा के मुख्यमंत्री एमएल खट्टर ने कहा कि फर्लो का किसी भी चुनाव से कोई लेना-देना नहीं है। उन्होंने और राज्य के जेल मंत्री, रंजीत सिंह चौटाला, दोनों ने कहा कि डेरा प्रमुख को प्रोटोकॉल के अनुसार छुट्टी दी गई है।
डेरा के अनुयायी और विशेष रूप से राम रहीम सिंह के समर्थक पंजाब के मालवा क्षेत्र में बहुत हैं। उनके भक्त का वोट चुनाव में महत्वपूर्ण माना जाता है। मालवा क्षेत्र में 69 विधानसभा सीटें हैं। यानि कि पंजाब विधानसभा की 117 सीटों में से आधी इसी क्षेत्र में है।
राम रहीम पर अपनी ही दो महिला शिष्यों से बलात्कार करने का आरोप लगा था। इसी आरोप में उसे दोषी पाया गया था और सीबीआई की विशेष अदालत ने उसे 2017 में 20 साल की सजा सुनाई थी।