लेखक और इतिहासकार रामचंद्र गुहा ने बीफ खाने वाला अपना ट्वीट डिलीट कर दिया है। उन्होंने कहा कि बीफ को लेकर इस तरह फोटो शेयर करना गलत था। गोवा में बीफ खाते वक्त गुहा ने ट्विटर पर एक फोटो शेयर की थी। इसके बाद उनकी काफी आलोचना हुई। संघ परिवार और भाजपा के कड़े आलोचक माने जाने वाले गुहा ने विवादित ट्वीट डिलीट करने के बाद कहा कि बीफ खाने के दौरान की तस्वीर सोशल मीडिया पर शेयर करना गलता था।
खास मकसद से किया था ट्वीट
हालांकि, उन्होंने यह भी कहा, ‘‘ट्विटर पर फोटो शेयर करने का मेरा मकसद बीफ को लेकर भाजपा का पाखंड दिखाना था। मैंने ट्वीट डिलीट कर दिया है, लेकिन बीफ के मसले पर मैं भाजपा की पाखंडपूर्ण नीति और दोहरे रवैये का विरोध करता रहूंगा।’’ अपने गोवा प्रवास के दौरान गुहा ने कुछ दिन पहले एक फोटो शेयर की थी। इसमें उन्होंने भाजपा शासित एक राज्य में बीफ खाने की बात लिखी थी।
लगातार मिल रहीं धमकियां
गुहा ने ट्विटर पर लिखा, ‘‘मेरे साथ मेरी पत्नी को भी धमकी मिली है। मैं चाहूंगा कि इन्हें रिकॉर्ड में रखा जाए।’’ गुहा ने अपने ट्वीट में आरके यादव नाम के एक व्यक्ति का ट्वीट संलग्न किया। इतिहासकार के मुताबिक, आरके यादव रिसर्च एंड एनालिसिस विंग (रॉ) के भूतपूर्व अधिकारी हैं। यादव ने अपने ट्वीट में गुहा को हिंदू धर्म पर कलंक बताया। यादव ने लिखा, ‘‘वे बीफ खा रहे हैं और सार्वजनिक रूप से इसका प्रदर्शन भी कर रहे हैं। इन्हें मुंहतोड़ जवाब दिया जाना चाहिए।’’
सुरक्षा के लिए लिखित शिकायत देनी होगी
गुहा ने एक अन्य ट्वीट में लिखा, ‘‘किसी शख्स ने फोन पर मुझे और मेरी पत्नी को धमकी दी। धमकी देने वाले व्यक्ति ने अपना नाम संजय बताया और कहा कि वह दिल्ली में रहता है।’’ गुहा ने पुलिस को धमकी मिलने की सूचना दी है, लेकिन पुलिस ने उन्हें लिखित शिकायत देने के लिए कहा है। एसीपी एच शांतामलप्पा का कहना है कि हम गुहा को सुरक्षा मुहैया कराने के लिए तैयार हैं, लेकिन इसके लिए उन्हें लिखित प्रार्थना पत्र देना होगा।
इस बात पर हुआ विवाद
गुहा ने गोवा प्रवास के दौरान ट्विटर पर एक फोटो शेयर की थी। उन्होंने लिखा था, ‘‘पुराने गोवा में खूबसूरत सुबह के बाद पणजी में लंच। क्योंकि यह बीजेपी शासित राज्य है, इसलिए मैंने सेलिब्रेशन के लिए बीफ खाने का फैसला किया।’’ काफी लोगों ने गुहा की इस पोस्ट की आलोचना की। कुछ ने अभद्र टिप्पणी भी कीं।