Gujarat Rajkot South Election Results 2022, Ramesh Tilala vs Hitesh Vora Election Result 2022: गुजरात की राजकोट साउथ सीट पर बीजेपी की जीत हुई है। बीजेपी के उम्मीदवार रमेश टिलाला ने 100644 वोटों के साथ बंपर जीत हासिल की है।
राजकोट साउथ (Rajkot South) इलाके को एशिया का सबसे बड़ा नकली आभूषणों का केंद्र माना जाता है। 2022 के विधानसभा चुनाव में इस सीट पर कब्जे के लिए बीजेपी कांग्रेस और आप में जद्दोजहद होती दिखी। 2017 के चुनाव की बात की जाए तो बीजेपी ने यहां से जीत हासिल की थी।
2017 में नोटा से भी पीछे रही थी आप
2017 असेंबली चुनाव में कांग्रेस दूसरे नंबर पर रही जबकि आप को नोटा से भी कम वोट मिले थे। खास बात है कि तब नोटा (नन ऑफ द एबव) के खाते में 1.44 फीसदी यानी 2251 वोट गए थे। नोटा को मिले वोटों की तादाद तीसरे नंबर पर थी। बसपा, राकांपा और आप जैसे दलों को मिले वोट नोटा से कम थे।
राजकोट साउथ सीट गुजरात के राजकोट जिले में आता है। राजकोट साउथ सीट में कुल वोटर 2 लाख 53 हजार 374 हैं। पुरुष वोटर 98,494 हैं जबकि महिला वोटरों की तादाद 80 हजार 622 है। 2017 में राजकोट दक्षिण में कुल 63.18 फीसदी वोट पड़े थे। तब बीजेपी से गोविंदभाई पटेल ने जीत हासिल की थी। उन्होंने कांग्रेस के डॉ. दिनेश चोवटीया को 47121 वोटों के अंतर से हराया था। 2022 के चुनाव में बीजेपी ने रमेश टिलाला (Ramesh Tilala), कांग्रेस ने हितेश वोरा (Hitesh Vora) और आप ने शिवलाल भाई (Shivlal Bhai) पर दांव खेला था। 1990 तक इस सीट पर कांग्रेस का वर्चस्व था। उसके बाद से बीजेपी यहां नहीं हारी।
बीजेपी ने रमेश टिलाला पर खेला था दांव
राजकोट (साउथ) से बीजेपी कैंडिडेट रमेश टिलाला की कहानी बेहद दिलचस्प है। कभी वो स्कूल ड्रॉप आउट थे। प्राथमिक शिक्षा के बाद ही उन्होंने पढ़ाई लिखाई को अलविदा कह दिया। लेकिन हिम्मत नहीं हारी और एक मजबूत कारोबार खड़ा किया। फिर वो राजनीति में आ गए। वो कोडलधाम ट्रस्ट के ट्रस्टी भी हैं।
कारोबारी के तौर पर रमेश बेहद सफल हैं। उनकी कुल संपत्ति तकरीबन 171.57 करोड़ की रुपये है। इसमें 56.70 करोड़ की संपत्ति उनके खुद के नाम पर है जबकि पत्नी हंसा की संपत्ति 114.87 करोड़ है। रमेश के पास चल संपत्ति तकरीबन 9.51 करोड़ की और अचल संपत्ति 47.18 करोड़ की है। पत्नी के पास 106.24 की अचल संपत्ति है।
चल संपत्ति की बात करें, तो टिलाला के पास 8.63 करोड़ की चल संपत्ति है। वहीं रमेश पर 2.41 करोड़ रुपये की देनदारी है। उनकी पत्नी की देनदारी 6.24 करोड़ है।