2019 में होने वाले लोकसभा चुनाव को देखते हुए दक्षिण भारत के सुपरस्टार रजनीकांत ने बड़ा ऐलान किया है। उन्होंने कहा कि वे खुद और उनकी पार्टी 2019 के लोकसभा चुनाव नहीं लड़ेंगे। साथ ही, किसी भी राजनीतिक दल को समर्थन भी नहीं देंगे। रजनीकांत ने चेतावनी दी है कि कोई भी राजनीतिक दल उनकी तस्वीर या पार्टी के चिन्ह का इस्तेमाल अपने प्रचार के लिए न करें।

यह बोले रजनीकांत : सुपरस्टार रजनीकांत ने कहा, ‘‘मेरी पार्टी आगामी लोकसभा चुनाव में किसी भी राजनीतिक दल को समर्थन नहीं देगी। इस वजह से किसी को मेरी तस्वीर या रजनी मक्कल मंद्रम के नाम वाले झंडे का इस्तेमाल नहीं करना चाहिए। रजनी फैन क्लब का इस्तेमाल किसी पार्टी के समर्थन या प्रचार के लिए नहीं होना चाहिए।’’

चुनाव का मुख्य मुद्दा बताया : रजनीकांत ने कहा, ‘‘तमिलनाडु में मुख्य समस्या पानी की है। 2019 में होने वाले लोकसभा चुनाव में उसे ही वोट दें, जो केंद्र से पानी की समस्या का समाधान करवा सके। साथ ही, उसे लागू भी करे।’’ बता दें कि राजनीति में प्रवेश करने के बाद से ही रजनीकांत के कई राजनीतिक दलों में शामिल होने की अटकलें लग रही थीं। हालांकि, कई मुद्दों पर उन्होंने तमिलनाडु के लोगों से मुलाकात भी की, जिनमें एंटी-स्टरलाइट प्रदर्शन करने के दौरान मारे गए लोगों के बच्चे भी शामिल हैं।

फैन क्लब का नाम बदला : रजनीकांत ने 31 दिसंबर, 2017 को राजनीति में आने की इच्छा जाहिर की थी। हालांकि, उन्होंने राजनीतिक पार्टी अब तक नहीं बनाई है। सिर्फ अपने फैन क्लब्स को रजनी मक्कल मंद्रम में बदल दिया। यह ऐसा संगठन है, जो लोगों को एकसाथ रखता है। माना जा रहा है कि चुनाव नजदीक आने पर इसे पार्टी में बदल दिया जाएगा।

कमल हासन लड़ेंगे चुनाव : रजनीकांत के प्रतिद्वंदी कमल हासन लोकसभा चुनाव लड़ने की तैयारी कर रहे हैं। इसके लिए उन्होंने मक्कल नीधि मैयम नाम से पार्टी बनाई है। हासन का कहना है कि हम किसी भी दागी राजनीतिक के साथ नहीं खड़े होंगे। फिलहाल हम तमिलनाडु और पुड्डुचेरी की सभी 40 सीटों पर लोकसभा चुनाव लड़ने की तैयारी कर रहे हैं।