राजस्थान के बाड़मेर में पारिवारिक विवाद इतना बढ़ गया कि महिला की नाक काट दी गई। यहां पति का घर छोड़ मायके रह रही महिला की दूसरी शादी के कराने का कारण दामाद ने सास की नाक ही काट दी। महिला ने करीब चार साल पहले अपनी बेटी की शादी कराई थी। जिसके कुछ समय बाद पति पत्नी में अनबन होने लगी। रिश्तों में दूरी बढ़ने लगी और लड़की ससुराल छोड़ मायके में रहने आ गई। करीब चार महीने पहले लड़की की मां ने उसकी दूसरी शादी करा दी। इसी बात से नाराज दामाद ने घटना को अंजाम दे दिया।
पीड़ित पूरो देवी ढूंधू गांव के गेनाणियों का ताला की रहने वाली है। उन्होंने करीब चार साल पहले बेटी की शादी लुखू गांव के देरामाराम से कराई थी। हालांकि शादी के कुछ समय बाद ही पूरो देवी की बेटी और दामाद के बीच झगड़े होने लगे। दोनों के बीच खटास बढ़ती ही रही। इसके बाद लड़की ने ससुराल छोड़ दिया और मां के साथ मायके में रहने लगी।
बेटी के ससुराल से बात बनती न देख पूरो देवी ने दोबारा उसकी शादी करा दी। इस बार महिला ने लड़की की शादी बचदऊ गांव के लड़के से करा दी। इस बात आग बबूला बेटी के पहले पति ने शुक्रवार (28 दिसंबर) को हमला कर दिया। बेटी की दोबारा शादी कराने से नाराज हो उसने पूरो देवी की नाक काट दी। बेटी के पहले पति के साथ हमला करने आए उसके साथी ने पूरो देवी के पति भेराराम को भी मारा।
इसके बाद पुलिस हमले की सूचना पाकर मौके पर पहुंची। पुलिस ने घायलों को प्राथमिक उपचार कराया। दामाद के द्वारा नाक काटे जाने से पूरो देवी को प्राथमिक उपचार के बाद बाड़मेर के जिला अस्पताल रेफर कर दिया गया। जहां महिला की हालत अब स्थिर है। वहीं, पूरो देवी की शिकायत पर पुलिस ने मामला दर्ज कर लिया है। हमला करने आए लड़की के पहले पति और उसके साथी के खिलाफ आईपीसी की धारा 307 और 458 के तहत केस दर्ज कर लिया गया है।