राजस्थान में एक महिला को बुरी तरह पीटने का वीडियो सामने आया है। इसमें दिखाया जा रहा है कि महिला को एक पेड़ से बांधकर रखा गया और उसे सजा देने के लिए उसके बालों को भी काट दिया गया। यह मामला राजस्थान के अजमेर जिले के पास का है। हैरान कर देने वाली बात यह है कि घटना 15 अगस्त यानी स्वतंत्रता दिवस वाले दिन हुई। वह भी उस जगह जहां से कुछ ही किलोमीटर दूर राज्य की मुख्यमंत्री वसुंधरा राजे झंडा फहराने के लिए आई हुई थीं। यह महिला अजमेर की अंबेडकर कांची बस्ती की रहने वाली है। महिला पर कई पुरुषों से शारीरिक संबंध बनाने का आरोप लगाया गया था। मिली जानकारी के मुताबिक, गांव के लोगों ने महिला को घर से घसीटकर बाहर निकाला और फिर उसे पीटा। इसके बाद उसके बालों को काट दिया गया और फिर उसे एक पेड़ से बांधकर खड़ा कर दिया गया। गांव के लोगों का कहा था कि महिला के ‘चाल-चलन’ से गांव के बच्चों पर गलत प्रभाव पड़ रहा है।

पति ने पहले ही छोड़ दिया था: इस महिला को उसके पति ने पहले ही छोड़ दिया था। वह दो बच्चों की मां भी है। महिला को उसके पड़ोसी भी मारते हुए देखे गए। पीटने वाले लोगों में पुरुष के साथ-साथ महिलाएं भी शामिल थीं।

पुलिस को की गई गलत शिकायत: इलाके के एसएचओ विजेंद्र गिल ने कहा कि उन्हें शिकायत मिली थी कि दो महिलाएं आपस में लड़ रही हैं। लेकिन बाद में पता चला कि मामला कुछ और ही था। हालांकि, पुलिस पर भी वहां पहुंचकर ‘तमाशा’ देखने के आरोप लगे हैं। अब पुलिस ने कहा है कि वह मामले की जांच कर रही है और जल्द ही आरोपियों को पकड़ लेगी। इससे पहले उदयपुर में भी ऐसा ही हुआ था। वहां एक महिला को बिना कपड़ों के खुले में घुमाया गया था। उसपर भी कई पुरुषों से संबंध रखने के आरोप लगे थे।