राजस्थान के वरिष्ठ सांसदों की दावेदारी को नकारते हुए प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने जोधपुर के सांसद गजेंद्र सिंह को मंत्री बना कर यहां प्रदेश के राजनीतिकों को चौंका दिया। जोधपुर से पहली बार सांसद बने गजेंद्र सिंह को राज्यमंत्री बनाए जाने का फैसला अंतिम क्षणों में लिया गया। प्रदेश के राजपूत समाज की भाजपा के प्रति बढ़ती नाराजगी को थामने के मकसद से ही गजेंद्र सिंह का नाम उभर कर सामने आया। प्रदेश के राजपूत समाज से अब केंद्र में दो मंत्री हो गए हैं।
केंद्रीय मंत्रिमंडल के रविवार को हुए फेरबदल में राजस्थान की राजनीति को साधने के लिए ही गजेंद्र सिंह की ताजपोशी हुई। भाजपा के राष्ट्रीय उपाध्यक्ष ओमप्रकाश माथुर और महासचिव भूपेंद्र यादव की तगड़ी दावेदारी के बीच गजेंद्र सिंह को मंत्री बनाए जाने से यहां के सियासी हलकों में कई मतलब निकाले जा रहे हैं। प्रदेश में पिछले दिनों गैंगस्टर आनंदपाल के एनकाउंटर को लेकर राजपूत समाज की भाजपा से नाराजगी बढ़ गई थी। राजपूत समाज भाजपा का परंपरागत समर्थक वर्ग है। इस वर्ग की कई मामलों में प्रदेश की भाजपा सरकार से नाराजगी की जानकारी केंद्रीय स्तर तक पहुंच रही थी।

इसे थामने के लिए ही माथुर और यादव की दावेदारी को नकारते हुए गजेंद्र सिंह को आगे लाने की रणनीति अमल में लाई गई। प्रदेश भाजपा ने गजेंद्र सिंह को मंत्री बनाए जाने पर प्रधानमंत्री मोदी का आभार भी जताया है। गजेंद्र सिंह के राज्यमंत्री बनने से केंद्र सरकार में अब राजस्थान की स्थिति को और मजबूती मिल गई है। उनके रविवार को शपथ लेने के बाद अब केंद्र में राजस्थान के छह मंत्री हो गए हैं। इनमें विजय गोयल भी शामिल हैं। वह राजस्थान से ही राज्यसभा के सदस्य हैं। जोधपुर से पहली बार लोकसभा सदस्य बने गजेंद्र सिंह को नरेंद्र मोदी केबिनेट में कृषि और किसान कल्याण मंत्रालय में राज्यमंत्री बनाए जाने से प्रदेश भाजपा में उत्साह का माहौल है। राजपूत समाज के प्रतिनिधि के तौर पर अब केंद्र में दो राज्यमंत्री हो गए हैं। भाजपा का परंपरागत समर्थक राजपूत समाज के राज्यवर्धन सिंह राठौड़ पहले से ही मंत्री हैं। प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने उनका कद बढ़ाते हुए उन्हें अब खेल व युवा विभाग का स्वतंत्र प्रभार सौंप दिया है। उनके पास सूचना व प्रसारण मंत्रालय का जिम्मा बरकरार रखा गया है। प्रदेश से बीकानेर के सांसद अर्जुन मेघवाल, नागौर के सीआर चौधरी, पाली के पीपी चौधरी और जयपुर ग्रामीण के सांसद राज्यवर्धन सिंह राठौड़ पहले से ही राज्यमंत्री हैं। प्रदेश से केंद्र में मंत्री बनने वाले पांचों लोकसभा सदस्यों के क्षेत्र की सीमाएं एक-दूसरे से जुड़ी हैं। कांग्रेस के मजबूत इलाके जोधपुर में रविवार को जश्न का माहौल रहा। गजेंद्र सिंह के राज्यमंत्री बनने से जोधपुर संभाग में भाजपा की ताकत बढे़गी।