राजस्थान सरकार ने सरकारी कर्मचारियों को दिवाली पर बोनस देने की घोषणा की है। मुख्यमंत्री भजनलाल शर्मा ने मंगलवार को दिवाली के अवसर पर राज्य सरकार के लगभग 6 लाख कर्मचारियों के लिए एड हॉक बोनस की घोषणा की। इन कर्मचारियों को 6774 रुपये का बोनस मिलेगा।
मुख्यमंत्री ने कहा कि यह बोनस वेतन स्तर L-12 या 4,800 रुपये या उससे कम ग्रेड पे वाले कर्मचारियों को भी मिलेगा। उन्होंने कहा कि प्रत्येक पात्र कर्मचारी को अधिकतम 6774 रुपये का एड हॉक बोनस मिलेगा। एक्स पर एक पोस्ट में मुख्यमंत्री ने लिखा, “दिवाली के अवसर पर राज्य सरकार के कर्मचारियों के लिए विशेष उपहार! सुशासन के लिए समर्पित हमारी सरकार ने दिवाली के शुभ अवसर पर लगभग 6 लाख कर्मचारियों के लिए तदर्थ बोनस के प्रावधान की घोषणा की है।”
Rajasthan: 6 लाख कर्मचारियों को मिलेगा 6774 रुपये का बोनस
मुख्यमंत्री ने आगे लिखा, “यह बोनस राज्य सरकार के उन कर्मचारियों को दिया जाएगा जो वेतन स्तर एल-12 या ग्रेड पे ₹4800 और उससे नीचे के वेतनमान पर काम कर रहे हैं। प्रत्येक पात्र कर्मचारी को अधिकतम ₹6774 का तदर्थ बोनस मिलेगा। इस निर्णय का लाभ पंचायत समिति और जिला परिषद के कर्मचारियों को भी मिलेगा।”
पढ़ें- अब EPFO से 100% तक निकाल सकेंगे रकम
दिवाली के अवसर पर उपहार स्वरूप बोनस देने के लिए वित्त मंत्री दिया कुमार ने मुख्यमंत्री को प्रस्ताव भेजा था। राज्य सेवा के अधिकारियों को छोड़कर यानी नॉन गजेटेड कर्मचारियों के लिए बोनस को अनुमोदित कर दिया है। बोनस 30 दिन की अवधि के लिए देय होगा। ऐसे में प्रत्येक कर्मचारी को अधिकतम 6774 रुपए का बोनस मिलना तय है। यह बोनस पंचायत समिति एवं जिला परिषद कर्मचारियों को भी दिया जाएगा। इस बोनस का अतिरिक्त वित्तीय भार लगभग 406 करोड़ रुपये होगा।
केंद्र सरकार के कर्मचारियों को दिवाली बोनस
त्योहारी सीजन को ध्यान में रखते हुए केंद्र सरकार ने भी अपने कर्मचारियों को दिवाली का बोनस दिया है। भारत सरकार की ओर से हाल ही में कर्मचारियों के लिए बोनस और महंगाई भत्ते (DA) में बढ़ोतरी की घोषणा की गयी थी। केंद्र सरकार की ओर से डीए में 3 प्रतिशत का इजाफा किया गया हैं। अब कर्मचारियों का डीए 55 प्रतिशत से बढ़कर 58 प्रतिशत हो गया है। डीए में यह बढ़ोतरी 1 जुलाई, 2025 से मान्य है जिसका मतलब है कि अक्टूबर की सैलरी में पिछले तीन महीनों का डीए एरियर के रुप में जोड़कर दिया जाएगा।