राजस्थान में कांग्रेस पांच साल बाद अपनी सरकार बनाने में सफल हुई है। वहीं अब प्रदेश के मुख्यमंत्री अशोक गहलोत ने राज्य में बड़ा प्रशासनिक फेरबदल किया है। सरकार बनते ही अशोक गहलोत ने राज्य के लगभग 40 आईएएस अफसरों का ट्रांसफर किया है। इसके साथ ही उन्होंने IAS आरती डोगरा की संयुक्त सचिव के पद नियुक्ति की है। गहलोत ने आरती को एक बड़ी जिम्मेदारी सौंपी है। आरती 2006 बैच की आईएएस ऑफिसर हैं। बता दें, आरती पॉपुलर IAS ऑफिसरों में से हैं। कद में भले ही आरती छोटी हैं लेकिन अपने फैसलों और कामों की वजह से वो काफी लोकप्रिय हैं। यहां तक की प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी भी आरती के प्रशंसक हैं।

आरती ने चलाया था ‘बंको बिकाणो अभियान-

आरती डोगरा ने महिलाओं के लिए काफी काम किया है। बीकानेर की डीएम रहते हुए उन्होंने कई कैंपेन चलाए। आरती ने ‘बंको बिकाणो’ कैंपेन की शुरुआत की थी जिसके तहत लोगों को खुले में शौच नहीं करने के लिए प्रेरित किया गया। आरती ने पीएम मोदी की योजना के तहत गावों में पक्के शौचालय बनवाए। जिसकी मॉनीटरिंग एक सॉफ्टवेयर के जरिए की जाती थी। खबरों के मुताबिक ये कैंपने लगभग 195 गांवों में चलाया गया था। इस कैंपेन की कामयाबी के बाद आस-पास के जिलों में भी इस पैटर्न को अपनाया गया।

आरती के इस अभियान ने भारत में ही नहीं बल्कि विदेश में भी काफी सुर्खियां बटोरी थी। नेपाल, भूटान, बांग्लादेश जैसे देशों के प्रतिनिधियों ने बीकानेर आकर इस अभियान की जानकारी ली थी। इस अभियान के अलावा आरती का ‘मिशन अगेंस्ट एनीमिया’ और ‘डॉक्टर्स फॉर डॉटर्स’ अभियानों को भी काफी सराहा जा चुका है। बता दें, इससे पहले राजस्थान सरकार ने इससे पहले किसानों का कर्ज माफ करने को लेकर एक बड़ा फैसला किया है। चुनाव के दौरान कांग्रेस पार्टी ने किसानों से कर्ज माफी को लेकर वादा किया था जिसे पूरा कर दिया गया है।