2012 से 2016…देश के उत्तर पश्चिम सूबों हरियाणा, पंजाब और दिल्ली को बारिश तरसाती रही। क्या 2017 का मानसून छप्पर फाड़कर बरसेगा। अभी तक यानी 1 जून से 17 जुलाई तक इन सूबों में वैसी बारिश तो नहीं हुई है जैसी महाराष्ट्र और गुजरात में हो रही है। जून-जुलाई के भारतीय मौसम विभाग के आंकड़े बताते हैं कि पंजाब में इस बार सामान्य से 21 फीसद ज्यादा बरसात हो चुकी है जबकि हरियाणा और चंडीगढ़ में यह सामान्य है। चंडीगढ़ में जहां ये सामान्य से नौ फीसद ज्यादा है वहीं हरियाणा में सामान्य श्रेणी में ऋणात्मक 16 फीसद है। मौसम विभाग की शब्दावली में ऋणात्मक 19 फीसद से धनात्मक 19 फीसद बारिश को सामान्य माना जाता है जबकि इससे अधिक को सामान्य से अधिक। जहां तक उत्तर प्रदेश जैसे बड़े सूबे का सवाल है, बारिश अब तक दुस्वप्न बनी हुई है। यहां मौजूदा मानसून में 17 जुलाई तक सामान्य से 45 फीसद कम बारिश दर्ज की गई है।

अगर 2012 से 2016 तक के मौसम विभाग के आंकड़ों पर निगाह डाली जाए तो 2012 में हरियाणा, दिल्ली, पंजाब में सामान्य से 36 से 46 फीसद तक कम बारिश चार महीनों में हुई थी। हालांकि 2013 में हरियाणा में बरसात ने तरसाया लेकिन दिल्ली, चंडीगढ़, पंजाब ठीकठाक बदरा बरस गए थे। 2014 पंजाब, हरियाणा, दिल्ली और चंडीगढ़ के लिए बहुत बुरा मानसूनी साल साबित हुआ। 2014 के चार महीनों में इन चारों सूबों में 50 से 58 फीसद तक सामान्य से कम बारिश रिकॉर्ड की गई थी। 2015 में दिल्ली पर तो बादल मेहबान रहे लेकिन हरियाणा, चंडीगढ़ और पंजाब में सामान्य से 31 से 37 फीसद कम पानी बरसा। 2016 में दिल्ली में सामान्य से 18 फीसद पानी कम गिरा लेकिन यह सामान्य की श्रेणी में रहा। हां, चंडीगढ़ पिछले साल मानसून की बरसात के लिए बुरी तरह तरस गया। यहां सामान्य से 46 फीसद कम बरसात हुई जबकि पंजाब और हरियाणा में भी सामान्य से 25 से 27 फीसद कम पानी गिरा।

आइए पांच साल की बारिश की कमी को आंकड़ों से समझते हैं-
(चार सूबे (दिल्ली, चंडीगढ़ (केंद्र शासित), पंजाब और हरियाणा)
सूबे 2012 2013 2014 2015 2016
हरियाणा 277.8 356 197.3 287.9 337.5
चंडीगढ़ 759.0 792.8 354.5 543.3 456.9
दिल्ली 408.8 537.0 289.3 598.5 522.7
पंजाब 265.9 479.7 244.6 338.0 367.9

(बारिश मिलीमीटर में)

सूबे 2012 2013 2014 2015 2016
हरियाणा -40 -22 -57 -37 -27
चंडीगढ़ -10 -6 -58 -35 -46
दिल्ली -36 -16 -55 -6 -18
पंजाब -46 -2 -50 -31 -25
(बारिश % में)