कांग्रेस नेता राहुल गांधी केरल में होने वाले विधानसभा चुनाव के मद्देनजर राज्य के दौरे पर हैं। वे यहां अपने संसदीय क्षेत्र वायनाड के साथ अलग-अलग क्षेत्रों में जाकर कांग्रेस-यूडीएफ गठबंधन के लिए प्रचार भी कर रहे हैं। इसी कड़ी में राहुल बुधवार को कोल्लम जिले के थांगासेरी स्थित समुद्र के किनारे पहुंचे। यहां उन्होंने स्थानीय लोगों से बात की और कहा कि उनके मन में मछुआरों के लिए सम्मान है। राहुल इसके बाद मछुआरों के साथ ही नाव में बैठकर समुद्र में उतरे।
जिस वक्त राहुल गांधी नाव में सफर कर रहे थे, उस वक्त कुछ मछुआरे समुद्र में जाल डालकर मछली पकड़ने की कोशिश कर रहे थे। इसके बाद कुछ मछुआरे नाव से बीच में ही समुद्र में कूद गए। उन्हें देखकर राहुल भी खुद को नहीं रोक पाए और समुद्र में छलांग लगा दी। तट पर पहुंचने से पहले करीब 10 मिनट तक वे समुद्र में ही तैरते रहे। उस वक्त नौका पर राहुल के एक निजी सुरक्षा अधिकारी भी थे।
#WATCH| Kerala: Congress leader Rahul Gandhi took a dip in the sea with fishermen in Kollam (24.02.2021)
(Source: Congress office) pic.twitter.com/OovjQ4MSSM
— ANI (@ANI) February 25, 2021
उनके साथ मौजूद कांग्रेस के एक पदाधिकारी ने बताया कि अपने साथ के मछुआरों से यह जानने के बाद कि उनके साथी पानी के अंदर जाल को ठीक से फैला रहे हैं, राहुल भी समुद्र में उतर गये। पदाधिकारी ने न्यूज एजेंसी पीटीआई कहा, ‘‘वह हमे बताए बगैर ही पानी में उतर गये…हम सभी दंग रह गये लेकिन वह बहुत सहज दिख रहे थे। वह करीब 10 मिनट तक पानी में रहे। वह एक अच्छे तैराक हैं।’’
एक सूत्र ने बताया कि राहुल नीली टी-शर्ट और खाकी पतलून पहने पहने ही समुद्र में कूद गए। थंगासेरी तट पर लौटने के बाद राहुल ने अपने गीले कपड़े बदले। नौका पर 23 मछुआरे थे। राहुल के साथ अखिल भारतीय कांग्रेस समिति महासचिव के सी वेणुगोपाल और टी एन प्रतापन सहित पार्टी के चार नेता थे।
मछुआरों के साथ खाई मछली करी: मछुआरों ने राहुल को ब्रेड और मछली करी खिलाई, जो उन्होंने नौका पर पकाई थी। सूत्रों ने बताया कि राहुल करीब ढाई घंटे समुद्र में रहे। उन्होंने मछुआरों द्वारा पकाई गई करी का लुत्फ उठाया। उन्होंने अपनी यात्रा के दौरान मछुआरा समुदाय की समस्याओं को भी सुना। नौका के मालिक बीजू लॉरेंस ने कहा कि कांग्रेस नेता ने उनसे उनके परिवार और आमदनी के स्रोत के बारे में पूछा।
