कांग्रेस उपाध्यक्ष राहुल गांधी की ‘किसान यात्रा’ उनके बयानों की बजाय रैली स्थल पर होने वाले हंगामों के चलते सुर्खियां बटोर रही है। उत्तर प्रदेश में अपनी यात्रा के दौरान राहुल विभिन्न जिलों में ‘खाट सभा’ कर किसानों से बातचीत भी कर रहे हैं। गुरुवार शाम राहुल गांधी ने गोंडा में ‘खाट सभा’ की। सभा खत्म होते ही गांववाले जब खाट उठाकर ले जाने लगे तो कांग्रेस कार्यकर्ताओं ने उन्हें रोकने की कोशिश की। टाइम्स नाउ की रिपोर्ट के अनुसार, कांग्रेस कार्यकर्ताओं ने खाट ले जा रहे ग्रामीणों से धक्का-मुक्की भी की। किसान यात्रा के पहले दिन देवरिया में खाट लूटे जाने की तस्वीरें सामने आई थीं। राहुल की सभा के बाद मची खाट की लूट पर जब सवाल पूछा गया तो राजीव गांधी महिला विकास परियोजना की सदस्य सरस्वती ने मुस्कुराते हुए कहा था, ”यह राहुलजी की तरफ से गिफ्ट है। कांग्रेस ने हमेशा किसानों के लिए बहुत कुछ किया है।”
कांग्रेस सूत्रों के मुताबिक, प्रशांत किशोर की संस्था इंडियन पॉलिटिकल एक्शन कमेटी (IPAC) ने लखनऊ से 4000 खाट मंगाई थीं। आइडिया ये था कि हर सभा स्थल पर डेढ़ से दो हजार खाट रखी जाएंगी, फिर उन्हें आगे बढ़ाया जाएगा। देवरिया में बड़ी संख्या में खाट लुटने के बाद कांग्रेस काफी सतर्क हो गई थी। उसी दिन कुशीनगर में हुई खाट सभा में कांग्रेस कार्यकर्ताओं ने हर खाट पर नजर बनाए रखी और सभा खत्म होते ही उन्हें समेट लिया। मगर गुरुवार को गोंडा में कार्यकर्ताओं ने ग्रामीणों को खाट ले जाने से रोका तो दोनों पक्षों में धक्का-मुक्की कैमरे पर रिकॉर्ड हो गया।
