सिद्धू मूसेवाला की हत्या के बाद उनके पिता के चुनाव लड़ने की चर्चाएं तेज हैं। इसी को लेकर मूसेवाला के पिता गुस्से में दिख रहे हैं। उन्होंने कहा कि उनके बेटे की चिता भी ठंडी नहीं हुई है और लोग चुनाव लड़ने की बात कर रहे हैं। उनके इस बयान के सामने आते ही यूजर्स कांग्रेस पर बिफर पड़े हैं और उसकी आलोचना कर रहे हैं।
सिद्धू मूसेवाला के पिता बलकौर सिंह ने शनिवार को एक वीडियो संदेश जारी किया। इसमें उन्होंने संगरूर लोकसभा क्षेत्र से उपचुनाव लड़ने के बारे में सभी अटकलों पर विराम लगा दिया है। उन्होंने अपने बेटे के इंस्टाग्राम अकाउंट पर ये वीडियो पोस्ट किया है। बलकौर सिंह ने कहा- “सोशल मीडिया पर तरह-तरह की बातें चल रही हैं और उन्हें इसका बहुत दुख हुआ है। लोगों को इसपर विश्वास नहीं करना चाहिए। उन्होंने कहा कि उनके बेटे की चिता अभी बुझी नहीं है। उनका कोई चुनाव लड़ने का कोई इरादा नहीं है”।
उन्होंने लोगों से अनावश्यक अफवाहें न फैलाने की भी अपील की। बलकौर सिंह ने संकट की घड़ी में उनके साथ खड़े रहने के लिए लोगों को धन्यवाद भी दिया और सिद्धू मूसेवाला के प्रशंसकों से 8 जून को उनके भोग में शामिल होने की भी अपील की।
अब इसी को लेकर सोशल मीडिया पर यूजर कांग्रेस को कोस रहे हैं। रीवा (@reevakhanna1) ने लिखा- हे भगवान … ये पूरी तरह से टूटे हुए लग रहे हैं, डूब मरो कांग्रेसियों, बेचारे को अकेला छोड़ दो !!” एक अन्य यूजर (@News4u0) ने लिखा- “कोई उनके बारे में चुनाव लड़ने की बात नहीं कर रहा है लेकिन यह कांग्रेस पार्टी ही है जो इस मुद्दे को उठा रही है। यही सच्चाई है”।
बता दें कि पंजाब कांग्रेस अध्यक्ष अमरिंदर सिंह राजा ने शुक्रवार को पंजाब के सभी राजनीतिक दलों से बलकौर सिंह को संगरूर संसदीय क्षेत्र से लोकसभा के लिए निर्विरोध जिताने की अपील की थी। कृषि अर्थशास्त्री डॉ सरदार सिंह जोहल द्वारा इस संबंध में सुझाव दिए जाने के बाद कांग्रेस अध्यक्ष ने एक ट्वीट के माध्यम से यह अपील की थी। इसके अलावा विपक्ष के नेता प्रताप सिंह बाजवा और शिरोमणि अकाली दल (संयुक्त) के नेता और पूर्व वित्त मंत्री परमिंदर सिंह ढींडसा ने भी जोहल के विचारों का समर्थन किया है।