पंजाब के मुख्यमंत्री भगवंत मान (Bhagwant Mann) के कैबिनेट में दस मंत्री शामिल हो गए। आप के नवनिर्वाचित विधायकों ने शनिवार को चंडीगढ़ में मंत्री पद की शपथ ली। भगवंत मान कैबिनेट में दूसरी बार विधायक बने केवल दो नेताओं को ही जगह दी गई है। वहीं, पंजाब चुनाव में दिग्गजों को मात देने वाले आप नेताओं को कैबिनेट में जगह नहीं मिली है, जिसपर विपक्ष ने आम आदमी पार्टी की चुटकी ली है।
पंजाब चुनाव में 75227 हजार वोटों के सबसे बड़े अंतर से जीत दर्ज करने वाले सुनाम विधानसभा सीट से विधायक अमन अरोड़ा को भी मंत्रीमंडल में जगह नहीं मिली है। जब अमन अरोड़ा से इस बाबत पूछा गया तो उन्होंने जवाब दिया,”मुझे मंत्री क्यों नहीं बनाया गया, ये बात आप हाईकमान से पूछिए, शायद मेरे में ही कोई कमी रह गई होगी।” अमन अरोड़ा ने किसी तरह की नाराजगी की बात को खारिज किया और कहा कि यह मुख्यमंत्री का विशेषाधिकार है कि वे किसे मंत्री बनाते हैं और किसे कौन सा विभाग देते हैं।
पांच बार के सीएम और शिरोमणि अकाली दल के संरक्षक प्रकाश सिंह बादल को मात देने वाले गुरमीत सिंह खुदियां को भी मान कैबिनेट में जगह नहीं मिली है। लंबी विधानसभा सीट से 11,396 वोटों से जीत दर्ज करने वाले गुरमीत सिंह खुदियां पूर्व सांसद जगदेव सिंह खुदियां के बेटे हैं। खुदियां पहले कांग्रेस पार्टी में थे। हालांकि, पिछले साल ही उन्होंने आम आदमी पार्टी का दामन थामा था और पार्टी ने उन्हें प्रकाश सिंह बादल के खिलाफ चुनाव मैदान में उतारा था।
चन्नी को हराने वाले लाभ सिंह को भी नहीं मिली कैबिनेट में जगह
इसी तरह, तत्कालीन सीएम चरणजीत सिंह चन्नी को भदौर से हराने वाले लाभ सिंह उगोके को भी मान कैबिनेट में जगह नहीं मिली है। करीब 37 हजार वोटों के अंतर से चन्नी को मात देने वाले लाभ सिंह उगोके मोबाइल रिपेयर की दुकान चलाते हैं। लाभ सिंह 2013 में आम आदमी पार्टी से जुड़े थे और पंजाब विधानसभा चुनावों 2022 में तत्कालीन सीएम चन्नी के खिलाफ चुनाव मैदान में उतरे थे।
वहीं, पूर्व मंत्री राजा वड़िंग ने दिग्गजों को मात देने वाले आप विधायकों को मंत्री न बनाए जाने पर AAP की चुटकी ली और कहा कि ये वो लोग हैं जो हमेशा अच्छे-बुरे वक्त में साथ रहे। उन्होंने कहा कि आप ने हमेशा साथ देने वालों को मौका नहीं दिया।
भगवंत मान की कैबिनेट में शामिल हुए 10 मंत्रियों में से 8 मंत्री पहली बार विधायक चुनकर आए हैं। भगवंत मान कैबिनेट में मलोट से डॉ. बलजीत कौर इकलौती महिला मंत्री हैं। सीएम भगवंत मान के कैबिनेट में 3 जाट सिख और 4 दलित चेहरे शामिल हैं।