पंजाब पुलिस के पूर्व एसपी सलविंदर सिंह को रेप और भ्रष्टाचार के मामले में एक स्थानीय अदालत ने 10 साल की सजा सुनाई है। इसके साथ ही कोर्ट ने सलविंदर पर 50 हजार रुपए का जुर्माना भी लगाया है। बता दें कि पठानकोट एयरबेस पर हमले के बाद सलविंदर चर्चा में आए थे। सलविंदर पर एक महिला ने आरोप लगाया था क‍ि उसके पत‍ि को एक केस से छुड़ाने के ल‍िए उन्होंने पैसे लिए और शारीरिक संबंध भी बनाए।

क्या था मामला- बता दें कि पूर्व एसपी सलविंदर सिंह पर एक महिला ने आरोप लगाया था कि एक मुकदमे में फंसे उसके पति को छुड़ाने के एवज में एसपी ने उसके साथ दुष्कर्म किया और साथ ही 50 हजार रुपए भी ले लिए। इसके बाद महिला ने 2016 में सलविंदर के खिलाफ गुरदासपुर में केस दर्ज कराया। जिसके बाद इसी केस में पूर्व एसपी सलविंदर को 10 साल व भ्रष्टाचार के केस में 5 साल कैद की सजा के साथ 50 हजार रुपये जुर्माना भी लगाया गया।

पठानकोट आतंकी हमले के दौरान सुर्ख़ियों में आए थे सलविंदर- बता दें कि दिसंबर 2015 में पठानकोट एयरबेस पर आतंकी हमला हुआ था। हमला करने वाले आतंकियों ने सलविंदर की गाड़ी का इस्तेमाल किया था। इसके बाद कई दिनों की जांच के बाद सलविंदर को क्लीनचिट दे दी गई थी।

बता दें कि महिला से दुष्कर्म और पैसे लेने के मामले में 15 फरवरी को उसे दोषी करार दे दिया गया था। लेकिन सजा का ऐलान 21 फरवरी को हुआ। जिसमें उसे 10 साल और 5 साल की सजा सुनाई गई। हालांकि दोनों सजाएं एक साथ चलेंगी। फिलहाल सलविंदर ने फैसले के खिलाफ पंजाब और हरियाणा हाईकोर्ट में अपील करने की बात कही है।