पंजाब के मुख्यमंत्री भगवंत मान ने शुक्रवार को अपने मंत्रिमंडल में शामिल होने जा रहे मंत्रियों के नामों की घोषणा की थी, जो शनिवार को शपथ ग्रहण करेंगे। इस चुनाव में कई ऐसे चेहरे रहे हैं जो पहली बार चुनाव जीतकर आए हैं। खासतौर पर, 16वीं विधानसभा में पहली बार 13 महिलाएं विधायक चुनकर आई हैं। पिछले विधानसभा चुनाव के मुकाबले यह संख्या दोगुनी है। पिछले सदन में 6 महिलाएं थीं।
पंजाब विधानसभा चुनाव 2022 में 10 महिलाएं पहली बार चुनकर आई हैं जबकि तीन दूसरी बार विधानसभा पहुंच रही हैं। चुनाव जीतने वाली इन महिला उम्मीदवारों में सबसे अधिक 11 सत्ताधारी दल आम आदमी पार्टी से हैं। जबकि एक महिला विधायक शिरोमणि अकाली दल और एक कांग्रेस से हैं।
चुनी गए इन महिला विधायकों की शिक्षा की बात करें तो 13 में से 2 डॉक्टर हैं और 9 ग्रेजुएट हैं। जबकि 1 आईटीआई और एक 12वीं पास हैं। महिला विधायकों में सबसे अमीर गनीर कौर हैं जिनके पास 12.07 करोड़ की संपत्ति है। मजीठा से जीतने वाली गनीव कौर बिक्रम सिंह मजीठियां की पत्नी हैं। वहीं, संगरूर से जीतने वाली नरिंदर कौर भराज के पास महज 24 हजार रुपए की संपत्ति है।
नरिंदर कौर सबसे युवा विधायक
27 वर्षीय नरिंदर कौर सबसे युवा विधायक भी हैं। पंजाब चुनावों के नतीजे घोषित होने के बाद से नरिंदर कौर के नाम की सबसे अधिक चर्चा हो रही है। नरिंदर कौर ने पंजाब में कांग्रेस के बड़े नेता और कैबिनेट मंत्री विजय इंदर सिंग्ला को करीब 36 हजार वोटों के बड़े अंतर से हराया है।
64 वर्षीय अरुणा चौधरी के पास 7.79 करोड़ की संपत्ति है। नीना मित्तल 8.89 करोड़ की संपत्ति की मालकिन हैं। जीवनजोत के पास 4.27 करोड़ की संपत्ति है। 32 वर्षीय अनमोल गगन 1.23 करोड़ की संपत्ति की मालकिन हैं। डॉ. अमनदीप के पास 2 करोड़ की संपत्ति है और उनपर 48 लाख की देनदारी है। संतोष कटारिया के पास 53.42 लाख की संपत्ति है।
पंजाब विधान चुनाव में कुल 90 महिला प्रत्याशी मैदान में थीं। इनमें सबसे ज्यादा 12 उम्मीदवारों को आम आदमी पार्टी ने टिकट दिया था, जिनमें से 11 ने चुनावों में जीत दर्ज की है।