पंजाब से आम आदमी पार्टी के विधायक करमबीर सिंह घुमन ने कथित तौर पर पंजाब के होशियारपुर में टांडा के पास एक टोल प्लाजा पर कर्मचारियों द्वारा लेन खोलने का इंतजार किए बिना बैरियर को खींच लिया। यह पूरा वाकया टोल प्लाजा पर लगे सीसीटीवी कैमरे में कैद हो गया आप विधायक बिना टोल फीस दिए वहां से निकल गए।
करमबीर सिंह अपनी विधानसभा क्षेत्र दसूया से आ रहे थे और वह इसलिए नाराज हो गए थे क्योंकि टोल स्टाफ ने तुरंत बैरियर नहीं हटाया जब विधायक का काफिला चोलंग टोल प्लाजा पर पहुंचा। इसके बाद वह अपनी गाड़ी से उतरे और अपनी कार को जाने देने के लिए खुद बैरियर खींच लिया और टोल प्लाजा पर कर्मचारियों को डांटते भी दिखे।
टोल प्लाजा के एक कर्मचारी ने इंडियन एक्सप्रेस को बताया, “जब ‘आप’ विधायक का वाहन वीआईपी लेन में घुसा तो वे दूसरी तरफ व्यस्त थे। करमबीर घुमन ने उनके लेन के खुलने का इंतजार नहीं किया और अपने वाहन को गुजरने देने के लिए बैरियर को हटा दिया। विधायक द्वारा बैरियर खींचने के बाद कई अन्य वाहन भी टोल शुल्क का भुगतान किए बिना चले गए।”
वहीं पूरी घटना पर आप विधायक करमबीर सिंह ने मीडिया को बताया कि टोल कर्मचारी ने मनमानी की। उन्होंने कहा, “टोल के कर्मचारी मनमानी करते हैं। वह वीआईपी लेन नहीं खोलते। पहले भी कई बार मेरे कर्मचारी ही उसे खोलते हैं।अगर कर्मचारी लेन ही नहीं खोलेंगे तो कोई भी हो, ऐसा ही करेगा। विधायक होने की वजह से मेरे नाम की चर्चा हो रही है। मैं हर बार जालंधर और चंडीगढ़ उसी रस्ते से जाता हूं और हर बार गेट बंद होता है। मेरे साथ भी टोल कर्मचारियों ने अभद्रता की।”
घटना से जुड़ा हुआ जो वीडियो वायरल हो रहा है उसमे विधायक गाड़ी के आगे खड़े नजर आ रहे हैं और उनके पीछे उनके सुरक्षाकर्मी भी नजर आ रहे हैं। सुरक्षाकर्मी भी बैरियर हटाने में विधायक का साथ दे रहे हैं। इस दौरान एक सुरक्षाकर्मी की टोल कर्मचारी से बहस भी हो रही है। करमबीर सिंह ने विधानसभा चुनाव के दौरान दसूया विधानसभा सीट से जीत हासिल की थी।