हरियाणा के खेल मंत्री अनिल विज के डेरा सच्‍चा सौदा प्रमुख राम रहीम सिंह को 50 लाख रुपये देने पर सवाल खड़े हो गए हैं। विज के अनुसार यह राशि ओलंपिक खेलों के लिए खिलाडि़यों को तैयार करने के लिए दी गई है। उन्‍होंने यह रकम शनिवार को सिरसा में एक खेल प्रतियोगिता के बाद दी। विज ने कहा, ”वे(राम रहीम सिंह) खेलों को प्रोत्‍साहित कर रहे हैं। यहां पर स्‍कूल भी खेलों को बढ़ावा दे रही हैं तो मैं 50 लाख रुपये मेरे फंड से डोनेट करता हूं।” यह बात उल्‍लेखनीय है कि राम रहीम सिंह की एकेडमी में खेले जाने वाले खेल उनके खुद के बनाए हुए हैं। इनमें से एक भी ऐसा नहीं है जो राष्‍ट्रीय या अंतरराष्‍ट्रीय स्‍तर पर खेला जाता हो।

विज ने बताया कि डेरा सच्‍चा सौदा लंबे समय से खेलों को बढ़ावा दे रहा है। अब भाजपा सरकार सभी खेल गतिविधियों को बढ़ावा देगी जिससे कि 20 ओलंपिक नर्सरी बनाई जा सके। हरि‍याणा के प्रत्‍येक जिले में लगभग 400 नर्सरी बनेगी। अगले ओलंपिक के लिए यहां से काफी एथलीट निकलेंगे। कार्यक्रम के दौरान केंद्रीय खेल मंत्री विजय गोयल भी मौजूद थे। अनिल विज के इस फैसले पर विपक्ष ने सवाल भी उठाए हैं। कांग्रेस का कहना है कि सभी राजनीतिक दल खेलों को प्रोत्‍साहित करने पर ए कमत हैं। लेकिन अनिल विज को लोगों के साथ अपने जुड़ाव को लेकर अपने निर्णय पर विचार करना चाहिए।

गौरतलब है कि अनिल विज रियो ओलंपिक के दौरान खिलाडि़यों से मिलने को भी गए थे। उस समय उनके साथ अधिकारियों का एक बड़ा दल भी गया था। हरियाणा में पिछले विधानसभा चुनाव में डेरा सच्चा सौदा ने भाजपा को समर्थन का ऐलान किया था। कहा जाता है कि राज्य में इस घोषणा ने पहली बार सत्ता में पहुंचने में भाजपा की काफी मदद की थी।