पंजाब पुलिस ने श्री खडूर साहिब से चुनाव जीतकर लोकसभा पहुंचे खालिस्तान समर्थक अमृतपाल सिंह के भाई हरप्रीत सिंह को आईसीई नामक ड्रग्स मिलने पर गिरफ्तार कर लिया है। उसकी गिरफ्तारी जालंधर के फिल्लौर में हुई है। समाचार चैनल आजतक की खबर के अनुसार जालंधर ग्रामीण पुलिस के एसएसपी अंकुर गुप्ता ने इसकी पुष्टि की है। हालांकि उन्होंने ड्रग्स की मात्रा के बारे में नहीं बताया है, लेकिन सूत्रों के मुताबिक यह 5 ग्राम है। पुलिस अधिकारी ने इस बारे में मीडिया के सामने ज्यादा कुछ नहीं बताया है, लेकिन वह जल्द ही बताने की बात कही है। कुछ मीडिया पोस्ट में बताया गया है कि हरप्रीत सिंह के साथ चीमा बाठ गांव का एक और व्यक्ति भी गिरफ्तार किया गया है।

अमृतपाल सिंह ने शुक्रवार 5 जुलाई को लोकसभा सदस्य की शपथ ली थी। सेफ हाउस में अमृतपाल ने लगभग 50 मिनट तक अपने पिता और चाचा से मुलाकात की। इसके बाद उन्हें डिब्रूगढ़ जेल ले जाया गया। इस बीच अमृतपाल का एक बयान आया, जिसमें उन्होंने खुद को पंथ का बेटा और खालसा राज्य की मांग को सही बताया।

हाल ही में लोकसभा चुनाव में अमृतपाल सिंह जेल में रहकर श्री खडूर साहिब सीट से जीत हासिल की थी। उन्होंने अपने विरोधी प्रत्याशी कांग्रेस के कुलबीर सिंह जीरा से 1,97,120 वोटों से जीत मिली थी। उन्हें कुल 4,04,430 वोट मिले थे, वहीं, कांग्रेस के कुलबीर सिंह जीरा को कुल 2,07,310 वोट मिले। साल 2019 में यहां से कांग्रेस के जसबीर सिंह गिल जीते थे। अमृतपाल फिलहाल NSA के तहत असम की जेल में बंद हैं।