पंजाब विधानसभा चुनाव के लिए आज (20 फरवरी) वोट डाले जा रहे हैं। पंजाब के सभी 117 सीटों पर आज मतदान हो रहा है। साथ ही उत्तर प्रदेश के 16 जिलों की 59 सीटों पर तीसरे चरण के लिए मतदान जारी है। उत्तर प्रदेश में आज अखिलेश यादव की किस्मत का फैसला भी ईवीएम में बंद होगा। पंजाब में मुख्य मुकाबला कांग्रेस, आम आदमी पार्टी और अकाली दल के बीच देखा जा रहा है। जबकि राज्य के पूर्व मुख्यमंत्री कैप्टन अमरिंदर सिंह की पार्टी पंजाब लोक कांग्रेस, बीजेपी से गठबंधन कर मैदान में हैं। पंजाब के वोटरों में जबरदस्त उत्साह देखा जा रहा है। शाम 3 बजे तक 49.81% मतदान हो चूका है।
पंजाब के पूर्व मुख्यमंत्री और अकाली दल के फाउंडर प्रकाश सिंह बादल भी अपने पूरे परिवार के साथ वोट डालने के लिए पहुंचे। प्रकाश सिंह बादल 96 साल की उम्र में भी विधानसभा चुनाव लड़ रहे हैं। इस दौरान प्रकाश सिंह बादल ने मीडिया से बात करते हुए कहा कि, “पंजाब में हम पिछली तीन पीढ़ियों से एक ही जगह पर खड़े हुए हैं, जबकि अन्य लोग टिकट ना मिलने के कारण अलग-अलग जगह पर गए, जैसे कैप्टन अमरिंदर सिंह।” प्रकाश सिंह बादल के साथ उनकी पोती हरकीरत भी वोट डालने के लिए पहुंची थी। इस दौरान उन्होंने अपने दादा के साथ फोटो भी खिंचवाया।
वहीं शिरोमणी अकाली दल के अध्यक्ष सुखबीर सिंह बादल ने मीडिया से बात करते हुए कहा कि बीएसपी और अकाली दल का गठबंधन पंजाब में क्लीन स्वीप कर रहा है। उन्होंने दावा किया कि हम 80 से अधिक सीटें पंजाब में जीत रहे हैं। सुखबीर सिंह बादल जलालाबाद विधानसभा क्षेत्र से चुनाव लड़ रहे हैं।
सुखबीर सिंह बादल के साथ उनकी पत्नी और पूर्व केंद्रीय मंत्री हरसिमरत कौर बादल भी मतदान करने के लिए पहुंची थी। इस दौरान उन्होंने कहा कि पंजाब को एक स्थाई सरकार की जरूरत है। सीमावर्ती क्षेत्र के कारण काफी चुनौतियां भी है। उन्होंने कहा कि मुझे विश्वास है पंजाब में विश्वसनीय और क्षेत्रीय दल को लोग चुनेंगे जो जनता की अपेक्षाओं पर खरा उतर सके।
पंजाब के 23 जिलों की 117 विधानसभा सीटों पर 1304 उम्मीदवार मैदान में हैं। 1209 उम्मीदवार पुरुष हैं तो 93 उम्मीदवार महिला हैं। जबकि दो ट्रांसजेंडर उम्मीदवार भी अपनी किस्मत आजमा रहे हैं।