कांग्रेस के प्रवक्ता एवं भोलाथ से पूर्व विधायक सुखपाल सिंह खैरा ने आम आदमी पार्टी का हाथ थाम लिया। आप में शामिल होने के बाद खैरा ने कांग्रेस उपाध्यक्ष राहुल गांधी पर कथित रूप से ‘‘अपने ही सिद्धांतों’’ और विचारधारा के साथ ‘‘समझौते’’ करने के लिए निशाना साधा और पंजाब कांग्रेस समिति प्रमुख अमरिन्दर सिंह को ‘‘दागदार तथा भ्रष्ट’’ नेता बताया।
आप के पंजाब मामलों के प्रभारी संजय सिंह और प्रदेश समन्वयक सच्चा सिंह छोटेपुर और संगरूर से पार्टी सांसद भगवंत मान की उपस्थिति में खैरा ने यहां आप का हाथ थामा। कांग्रेस के पार्टी प्रवक्ता और पार्टी के सबसे मुखर चेहरा रहे खैरा ने पार्टी की प्राथमिक सदस्यता से अपना इस्तीफा राहुल गांधी को भेजा। संजय सिंह ने खैरा को औपचारिक रूप से पार्टी में शामिल किया और ‘‘अपने बूते पर परिवार के खिलाफ लड़ने तथा उनकी गलतियों को उजागर करने के लिए’’ उनकी तारीफ की। सिंह ने कहा, ‘‘हम खैरा का अपनी पार्टी में स्वागत करते हैं और हम आशा करते हैं कि प्रदेश में पार्टी को मजबूत करने के लिए वह कड़ी मेहनत करेंगे।’’ आप में शामिल होने के अपने फैसले को जीवन में ‘‘मील का पत्थर’’ बताते हुए खैरा ने राहुल गांधी और अमरिन्दर सिंह पर निशाना साधा और कहा कि दो दशक तक पार्टी के लिए काम करने के बावजूद वह ‘‘घुटन’’ महसूस करने लगे थे। खैरा ने कहा, ‘‘मैं राहुल गांधी से नाराज हूं, जो हमेशा ईमानदार और युवा लोगों को लाने तथा भारत की राजनीति में गुणवत्तापूर्ण बदलाव लाने का वादा करते हैं। दुर्भाग्यवश, उन्होंने महज पंजाब चुनाव जीतने के लिए अमरिन्दर सिंह, अंबिका सोनी और लाल सिंह को मिलाकर पंजाब कांग्रेस की नयी टीम बनाने में अपने ही सिद्धांतों और विचारधारा से समझौता किया।’’