नूपुर शर्मा के कत्ल का मनसूबा लेकर भारत में घुसपैठ करने वाले पाकिस्तानी रिजवान अशरफ ने बेहद चौंकाने वाला खुलासा किया है। उसने बताया कि पाक में बैठा एक मौलाना कट्टर फौज तैयार कर कर रहा है और लोगों को धर्म के नाम पर गला काटने भारत भेज रहा है। रिजवान ने पूछताछ के दौरान इस बारे में पूरी जानकारी दी है।
इस मौलाना का नाम साद हुसैन रिजवी है, जो तहरीक-ए-लब्बैक पार्टी का अध्यक्ष है। ये मौलाना अपने भाषणों में बार-बार इस बात का जिक्र करता है कि जो भी हुजूर की शान में गुस्ताखी करे, उसका सिर धड़ से अलग कर देना चाहिए। इतना ही नहीं उसने खुद को सबसे बड़ा दहशतगर्द भी बताया है।
भारत-पाकिस्तान बॉर्डर पर पकड़े गए पाकिस्तानी नागिरक रिजवान अशरफ ने पूछताछ में बताया कि वो तहरीक-ए-लब्बैक का सदस्य है। राजस्थान पुलिस के इंटेलिजेंस के एडीजी एस सेंगाथिर ने कहा कि रिजवान मौलाना की खास बटालियन का सदस्य है और इस बटालियन का नाम बुत-शिकन बटालियन TLP(इ)है।
बता दें कि ये रिजवान अशरफ पिछले साल पाकिस्तान के लौहार में महाराजा रणजीत सिंह की मूर्ति तोड़ने के मामले में भी गिरफ्तार किया गया था, लेकिन बाद में इसे रिहा कर दिया गया। अब यह मोहम्मद पैगंबर को लेकर टिप्पणी कर विवादों में आईं नूपुर शर्मा की हत्या करने के लिए घुसपैठ कर भारत में घुस रहा था। हालांकि, बीएसएफ ने उसे पकड़ कर उसके इन मनसूबों को खत्म कर दिया है। उसे राजस्थान के भारत-पाकिस्तान बॉर्डर पर पकड़ा गया था और अब पुलिस की गिरफ्त में है। उसने खुद पूछताछ में बताया था कि वो नूपुर शर्मा का कत्ल करने के लिए भारत में घुसने की कोशिश कर रहा था।
कौन है साद हुसैन रिजवी
बता दें कि पिछले साल पाकिस्तान में साद हुसैन रिजवी की गिरफ्तारी के समय कई जगहों पर हिंसक प्रदर्शन देखने को मिले थे। दरअसल कट्टरपंथी संगठन फ्रांस के साथ पाकिस्तान के राजनयिक संबंधों को तोड़ने की मांग कर रहे थे। फ्रांसिसी व्यंग्य पत्रिका शार्ली हेब्दो में पैगंबर मोहम्मद का विवादित कार्टून प्रकाशित किया गया था, जिसे लेकर ये लोग भड़के हुए थे। रिजवी समेत कई टीएलपी नेताओं पर आरोप था कि उन्होंने लोगों को पूरे देश में हिंसा और जाम के लिए उकसाया है।