मॉडल प्रियंका कपूर सुसाइड केस में पति नितिन चावला को गिरफ्तार किया गया है। आरोपी पति पर रेप का भी मामला चल रहा है। उसे मुंबई पुलिस ने गिरफ्तार भी किया था। बॉम्बे हाईकोर्ट ने मई 2014 में उसे 15 हजार रुपये के पर्सनल बॉन्ड पर जमानत दी थी। आरोपी नितिन चावला ने इसी साल जनवरी में प्रियंका से शादी की थी। प्रियंका के परिवार वालों को रेप केस के बारे में शादी के बाद पता चला।
Read Also: Delhi model case: पार्टीज में जाने से रोकता था प्रियंका का पति, बदलवा दिया था नंबर
नितिन की यह दूसरी शादी थी। पहली पत्नी से उसका पिछले साल दिसंबर में तलाक हो गया था। रेप की शिकायत करने वाली युवती ने बताया कि वह अप्रैल 2011 में एक नाइट क्लब में मिली थी। जल्द ही दोनों की दोस्ती रिलेशन में बदल गई। उसने बताया कि नितिन ने शादीशुदा होने की बात छुपाई और उसने शादी करने को कहा। लड़की ने कोर्ट में बताया था कि उसे नितिन के शादीशुदा होने का पता उस समय चला जब उसने कहा कि वह तलाक लेने की सोच रहा है। जब उसे पता चला कि नितिन के दो बच्चे हैं तो उसने खुद को उससे दूर कर लिया। वह दिल्ली से मुंबई चली गई और वहां एक्टिंग कॉर्स के लिए दाखिला ले लिया। अक्टूबर 2013 में नितिन ने उस पर यौन हमला किया।
लड़की की शिकायत पर पुलिस ने बार बार रेप करने, धोखा देने, जालसाजी और अन्य धाराओं के तहत मामला दर्ज किया था। हालांकि नितिन ने कहा कि दोनों के संबंध सहमति से बने थे। उसने कभी जबरदस्ती नहीं की। उसने दावा किया लड़की की एक्टिंग कॉर्स की एडमिशन फीस भी उसने भरी थी। कोर्ट ने सुनवाई के बाद नितिन को जमानत दे दी थी।

वहीं पुलिस के अनुसार प्रियंका की मौत वाले दिन से छह दिन पहले उसके और नितिन के बीच झगड़ा हुआ था। झगड़े की वजह नितिन के पहली पत्नी से हुए बेटे को होली पर बुलाना था। पुलिस ने बताया कि जांच में खुलासा हुआ है कि नितिन रोज प्रियंका को पीटता था। पूछताछ के दौरान नितिन ने बताया कि उनकी शादी में समस्याएं थी। आर्थिक समस्या के चलते वह अपने माता-पिता के साथ पश्चिम विहार में रहना चाहता था। सूत्रों के अनुसार नितिन ने कई बार प्रियंका को घर छोड़ने को कहा था। लेकिन उसने मना कर दिया और कहा कि वह किराया देने में सक्षम हैं। होली पर नितिन के बेटे को बुलाने की बात पर बात और बिगड़ गई। 20 मार्च को उसने यह बात प्रियंका को बताई जिसके बाद वह नाराज हो गई।
सुसाइड नोट में प्रियंका ने लिखा था कि नितिन के रेप केस के बाद से वह परेशान थी। पुलिस सूत्रों के अनुसार प्रियंका ने अपनी सास को भी दोषी ठहराया। उसने लिखा कि सास ने उसकी मदद नहीं की और अपने बेटे को कभी फटकारा नहीं। हालांकि उसने ससुर की प्रशंसा की। उसने लिखा कि जब उसने उन्हें बताया कि नितिन ने कई बार उसे पीटा तो उन्होंने नितिन को फटकारा था। उसने अपनी शादी को जिंदगी की सबसे बड़ी गलती बताया था। मजिस्ट्रेट को दिए बयान में प्रिंयका की मां ने आरोप लगाया कि नितिन ने प्रियंका को धोखा दिया। उसने उसे बताया नहीं कि पहली शादी से उसके दो बच्चे हैं। शादी के पांच दिन बाद प्रियंका को इस बारे में पता चला था।