प्रियंका गांधी वाड्रा सोमवार (18 मार्च) को प्रयागराज के हनुमान मंदिर पहुंच चुकी हैं। यहां उन्होंने बड़े हनुमान जी के दर्शन किया और इसके बाद संगम तट पर पूजा की। अब मनैया घाट से उनकी गंगा यात्रा शुरू हो चुकी है और दुमदुमा घाट तक पहुंच चुकी है।  बता दें कि प्रियंका प्रयागराज से नौका के जरिए ‘गंगा-जमुना तहजीब यात्रा’ निकाल रही हैं। इस यात्रा का समापन पीएम नरेन्द्र मोदी के संसदीय क्षेत्र वाराणसी में होगा। इसके साथ ही प्रियंका ‘सांची बात- प्रियंका के साथ’ भी करेंगी।

140 किमी का सफर: बता दें कि तीन दिवसीय यात्रा में प्रियंका करीब 140 किमी का सफर तय करेंगी। वहीं अलग अलग स्थानों पर कार्यकर्ताओं और अलग अलग लोगों से मुलाकात भी करेंगी। जानकारी के मुताबिक, 19 मार्च की शाम को वाराणसी के मशहूर अस्सी घाट पर एक स्वागत समारोह भी रखा जाएगा। मीडिया रिपोर्ट्स के मुताबिक 20 मार्च को दिल्ली रवाना होने से पहले प्रियंका काशी विश्वनाथ के भी दर्शन करेंगी।

Live Blog

16:28 (IST)18 Mar 2019
Priyanka Gandhi Ganga Yatra Live: प्रियंका की यात्रा में लगे ‘चौकीदार चोर है’ के नारे

प्रियंका गांधी वाड्रा की गंगा यात्रा उत्तर प्रदेश के सिरसा तक पहुंच चुकी है। यहां उन्होंने लोगों को संबोधित किया तो भीड़ ने ‘चौकीदार चोर है’ के नारे लगाए। प्रियंका ने कहा कि आप राहुल के हाथ मजबूत कीजिए, जिससे देश को संकट से उबारा जा सके।

15:54 (IST)18 Mar 2019
Priyanka Gandhi Ganga Yatra Live: प्रियंका गांधी ने लोगों से कहा- देश की हिफाजत आपके हाथों में

तीन दिवसीय गंगा यात्रा के तहत प्रियंका गांधी वाड्रा अपने दूसरे पड़ाव पर पहुंच चुकी हैं। उन्होंने लोगों से कहा कि देश की हिफाजत आपके हाथों में है, इसलिए सोच-समझकर वोट कीजिए। इस वक्त देश संकट में है, इसलिए मैं यात्रा पर निकली हूं। प्रियंका ने लोगों से रोजगार के संबंध में भी सवाल पूछे।

14:53 (IST)18 Mar 2019
Priyanka Gandhi Ganga Yatra Live: प्रियंका को देखकर जिंदाबाद के नारे लगाने लगे लोग

प्रियंका गांधी वाड्रा की गंगा यात्रा का लोग जमकर स्वागत कर रहे हैं। रास्ते में एक जगह लोगों ने उन्हें देखा तो प्रियंका गांधी जिंदाबाद के नारे लगाने लगे। ऐसे में प्रियंका ने उन्हें धन्यवाद दिया। साथ ही, पूछा कि इतनी दूर से मुझे कैसे पहचान लिया?

13:36 (IST)18 Mar 2019
Priyanka Gandhi Ganga Yatra Live: प्रियंका गांधी ने लोगों से पूछा- आपके पास रोजगार है?

अपनी तीन दिवसीय गंगा यात्रा के तहत प्रियंका गांधी वाड्रा दुमदुमा घाट पहुंच चुकी हैं। यहां उन्होंने बिना नाम लिए प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी पर निशाना साधा। प्रियंका ने लोगों से पूछा कि क्या आपके पास रोजगार है? नहीं जवाब मिलने पर प्रियंका ने कहा कि आजकल आवाज उठाने वालों को डराया जा रहा है। सरकार को जनता की आवाज सुननी चाहिए। जनता के लिए राजनीति करनी चाहिए, जबकि बेकार के मुद्दों पर राजनीति हो रही है।

12:20 (IST)18 Mar 2019
Priyanka Gandhi Ganga Yatra Live: प्रियंका गांधी की गंगा यात्रा शुरू, 20 को पहुंचेंगी वाराणसी

कांग्रेस महासचिव प्रियंका गांधी वाड्रा की तीन दिवसीय गंगा यात्रा प्रयागराज में मनैया घाट से शुरू हो चुकी है। वे 20 मार्च को वाराणसी पहुंचेंगी। 140 किमी लंबी अपनी इस यात्रा के दौरान प्रियंका जगह-जगह रुकेंगी और कार्यकर्ताओं से बातचीत करेंगी।

10:59 (IST)18 Mar 2019
Priyanka Gandhi Ganga Yatra Live: गंगा यात्रा से पहले प्रियंका ने संगम तट पर की पूजा

कांग्रेस महासचिव प्रियंका गांधी ने प्रयागराज से वाराणसी तक गंगा यात्रा शुरू करने से पहले संगम तट पर पूजा-अर्चना भी की। उन्होंने कहा कि मैं देश के उत्थान की कामना करती हूं। बता दें कि प्रियंका प्रयागराज के मनैया घाट से गंगा यात्रा की शुरुआत करेंगी।

10:26 (IST)18 Mar 2019
Priyanka Gandhi Ganga Yatra Live: संगम तट पहुंचीं प्रियंका गांधी वाड्रा, हनुमान मंदिर के दर्शन किए

प्रयागराज से वाराणसी के अस्सी घाट तक 140 किमी लंबी गंगा यात्रा के लिए कांग्रेस महासचिव प्रियंका गांधी वाड्रा प्रयागराज के संगम तट पर पहुंच चुकी हैं। यहां उन्होंने बड़े हनुमान मंदिर के दर्शन किए। कुछ ही देर में नाव द्वारा उनकी गंगा यात्रा शुरू हो जाएगी। बता दें कि तीन दिवसीय इस यात्रा के तहत प्रियंका 20 मार्च को वाराणसी पहुंचेंगी। माना जा रहा है कि वे होली प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के संसदीय क्षेत्र में ही मनाएंगी।