यूपी में कुछ ही महीनों में होने वाले विधानसभा चुनावों के लिए पार्टियों की तैयारियों के बीच कांग्रेसी कार्यकर्ताओं ने इलाहाबाद में कुछ पोस्‍टर्स और होर्डिंग लगवाए हैं। इनमें उन्‍हें दुर्गा और इंदिरा का अवतार और हिंद की शेरनी बताया गया है। होर्डिंग्‍स पर लिखा है, ‘वो इंदिरा, वो दुर्गा का फिर नया आगाज है, ये हिंद की है शेरनी, हिंदुस्‍तान की आवाज है।’ मीडिया रिपोर्ट्स के मुताबिक, संतों ने इस तरह के होर्डिंग्‍स पर कड़ी आपत्‍त‍ि दर्ज कराई है। अखिल भारतीय अखाड़ा परिषद ने कहा है कि कार्यकर्ता अपने नेताओं की तारीफ करते हुए सीमाओं का ध्‍यान रखे।

मीडिया रिपोर्ट्स के मुताबिक, इस तरह के पोस्‍टर और होर्डिंग्‍स लगवाने वाले नेताओं के नाम हसीब अहमद और श्रीशचंद्र दुबे है। उनके मुताबिक, जिस तरह दुर्गा ने राक्षसों का संहार किया, उसी तरह प्रियंका भी राजनीति में पार्टी के दुश्‍मनों का खात्‍मा कर देंगी। बता दें कि प्रियंका को सक्रिय राजनीति में लाने की मांग यूपी में बहुत सारे कार्यकर्ता सालों से कर रहे हैं। हालांकि, पार्टी यह कह चुकी है कि यह फैसला अब खुद प्रियंका को करना है।