Kumbh Mela 2019: प्रयागराज से कुमार सम्भव जैन : श्री पंचायती महानिर्वाणी अखाड़े के संतों के शाही स्नान के साथ कुंभ 2019 मेले का आगाज हो गया। इस दौरान संतों ने संगम में स्नान के अपने-अपने शरीर पर भस्म लगाई। साथ ही, करतब दिखाकर श्रद्धालुओं को मंत्रमुग्ध कर दिया।

गंगा की गोद में बच्चों की तरह खेले संत : संगम के लिए संतों का काफिला सुबह 5:45 बजे निकलना शुरू हो गया था। सबसे पहले श्री पंचायती महानिर्वाणी अखाड़े का काफिला संगम तट पर पहुंचा। इसके साथ ही श्री पंचायती अटल अखाड़े के साधु भी त्रिवेणी पर आ गए। दोनों अखाड़ों के साधु-संत तय मुहूर्त 6:15 बजे अपने वाहन से उतरकर बच्चों की तरह उछलकूद मचाते हुए नदी में कूदने लगे। ठंडी हवा और बर्फ जैसे पानी होने के बाद भी वे काफी देर तक अठखेलियां करते रहे।

गंगा स्नान के बाद एक-दूसरे पर भस्म छिड़क भगवान को दिया धन्यवाद : गंगा स्नान के बाद सभी संत संगम तट पर ही एक-दूसरे पर भस्म छिड़कने लगे और नृत्य करने लगे। जानकारी करने पर पता चला कि यह भगवान को धन्यवाद देने का उनका तरीका है। इसके बाद कई संतों ने करतब भी दिखाए। 6:45 बजे से 7 बजे तक घाट पर श्रद्धालुओं ने स्नान किया। 7 बजे दूसरे अखाड़ों के संतों के आने का समय हुआ तो घाट खाली करा लिया गया।

9 बजे तक 7 अखाड़ों के संतों ने किया शाही स्नान : सुबह 7:05 बजे श्री पंचायती निरंजनी अखाड़े, तपोनिधि श्री पंचायती आनंद अखाड़े के संतों ने शाही स्नान किया। 8 बजे से श्री पंच दशनाम जूना अखाड़ा, श्री पंच दशनाम आवाहन अखाड़ा, श्री शंभू पंच अग्नि अखाड़ा के साधु घाट पर पहुंचने लगे थे और शाही स्नान शुरू कर दिया।