हरियाणा के गुड़गांव में एक 15 साल के लड़के से कथित रूप से कुकर्म के बाद पिटाई से मौत का मामला सामने आया है। पुलिस ने इस मामले में आरोपी तीन किशोरों को गिरफ्तार किया है। पुलिस के अनुसार घटना गुड़गांव के एक इलाके की है। यहां रहने वाले एक रिक्शा चालक का कहना है कि पड़ोस में रहने वाले तीन लड़कों ने उसके बेटे के साथ कुकर्म किया।
इसके बाद उसे बुरी तरह पीटा जिससे एक सप्ताह बाद उसकी बाद में मौत हो गई। मृतक के परिजनों के साथ ही स्थानीय लोगों का कहना है कि पुलिस पहले मामला दर्ज करने को लेकर काफी टालमटोल करती रही। रिक्शाचालक के पास अपने बच्चे का अंतिम संस्कार करने के भी पैसे नहीं थे। रिक्शाचालक और उसकी पत्नी अपने बेटे के शव लेकर अज्ञात स्थान पर झाड़ियों के पीछे फेंक आए।
घटना उस समय सामने आई जब मोहल्ले की कुछ महिलाएं लड़के का हालचाल जानने उसके घर पहुंची। मृतक के परिवार ने पहले कहा कि उनका बेटा अपने नाना के यहां गया है। स्थानीय निवासी और सामाजिक कार्यकर्ता पूजा ने बताया कि हम परिवार के जवाब से संतुष्ट नहीं हुए। बहुत मनाने पर उन्होंने बताया कि पैसा नहीं होने के कारण बच्चे के शव को खेड़कीदौला में फेंक दिया। हमने इस बारे में एनजीओ शक्तिवाहिनी को सूचित किया।
एनजीओ और मोहल्ले की महिलाओं ने खेड़कीदौला से बच्चे का शव बरामद कर लिया। इसके बाद स्थानीय पुलिस को पोस्टमार्टम कराने के लिए सूचना दी गई। हालांकि, सूचना के बाद भी जब पुलिस नहीं पहुंची तो स्थानीय नेता के हस्तक्षेप के पुलिस पीड़ित के घर पहुंची और शव को पोस्टमार्टम के लिए भेजा।
इस मामले में गुरुग्राम वेस्ट जोन के डीसीपी सुमेर सिंह ने बताया कि मृतक के परिवार वालों ने तीन किशोरों पर अपने बेटे के साथ यौन शोषण के आरोप लगाए है। सुमेर सिंह ने कहा कि हमने शव को पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया है और रिपोर्ट का इंतजार किया जा रहा है। तीनों किशोरों को गिरफ्तार कर लिया गया है। इन लोगों पर हत्या और पोक्सो की धाराओं के तहत केस दर्ज किया गया है।