बिहार की राजधानी पटना के दानापुर इलाके में जुआ खेल रहे लोगों पर पुलिस द्वारा फायरिंग करने का आरोप है। इस घटना में एक व्यक्ति की मौत हो गई। मृतक का नाम सुरेश कुमार बताया जाता है। स्थानीय मीडिया रिपोर्ट्स के अनुसार, युवक को सीने में गोली लग गई थी और उसकी मौत हो गई। वहीं, पुलिस फायरिंग में दो अन्य लोग घायल बताए जा रहे हैं। मौत के बाद स्थानीय लोग उग्र हो गए और पुलिस टीम पर पथराव कर दिया। यह घटना रविवार देर रात की है। आक्रोशित लोगों ने साेमवार की सुबह भी जमकर बवाल किया। उग्र लोगों ने सड़क और रेलमार्ग बाधित कर दिया। स्थानीय लोगों द्वारा किए गए हमले में बिहार पुलिस के एक एएसआई त्रिशूल पांडे भी गंभीर रूप से घायल हो गए हैं। उन्हें एक निजी अस्पताल में भर्ती करवाया गया है।
मीडिया रिपोर्ट्स के अनुसार, दानापुर के इतवारपुर इलाके में दिवाली के पहले जुआ खेलने की सूचना पर एएसआई त्रिशुल पांडे अपनी टीम के साथ छापेमारी करने पहुंचे थे। आरोप है कि इस दौरान कुछ लोगों ने पुलिस टीम पर हमला कर दिया। कथित तौर पर बचाव में पुलिस की तरफ से फायरिंग की गई। इस फायरिंग में एक युवक को गोली लग गई और उसकी मौत हो गई।
एक पुलिस अधिकारी ने बताया, “गुप्त सूचना के आधार पर पुलिस छापेमारी करने गई थी। इसी दौरान जुअा खेलाने वाले लोगों ने पुलिस टीम पर हमला कर दिया। इसमें एक पदाधिकारी जख्मी हो गए। इसके बाद उनके पिस्टल को छीनने की कोशिश की गई। आत्मरक्षा में उन्होंने फायरिंग की। उनके पास दूसरा कोई विकल्प नहीं था। वे जख्मी हो चुके थे। इसके बाद स्थानीय लोग रोड पर आ गए। तोड़फोड़ और पुलिस पर पथराव करने लगे। हमलोग स्थिति को नियंत्रित करने की कोशिश कर रहे हैं।” घटना के बाद पूरे इलाके में भारी संख्या में पुलिसबलों की तैनाती की गई है। तनाव के मद्देनजर प्रशासन किसी भी अप्रिय स्थिति से निपटने के लिए तैयार है।