प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने रविवार को कहा कि एक परिवार ने देश पर चार दशकों से अधिक समय तक शासन किया और लोगों से एक वंश के नेतृत्व वाली सरकार और ‘विकासोन्मुखी’ राजग सरकार के कामकाज की तुलना करने को कहा। उन्होंने यहां भाजपा द्वारा आयोजित एक जनसभा में जवाहर लाल नेहरू, इंदिरा गांधी और राजीव गांधी की सरकारों का परोक्ष तौर पर उल्लेख करते हुए कहा, ‘एक परिवार ने 48 वर्षों तक देश पर प्रत्यक्ष या परोक्ष तरीके से शासन किया।’ उन्होंने कहा कि दूसरी तरफ राजग सरकार है जो इस साल मई में अपने 48 महीने (चार साल) पूरे करेगी। उन्होंने कहा कि बुद्धिजीवी कांग्रेस सरकार और भाजपा नीत राजग सरकार के कार्यकाल में हासिल की गई उपलब्धियों के बीच अंतर पर चर्चा कर सकते हैं।
पुडुचेरी में कांग्रेस सरकार के बारे में उन्होंने कहा कि केंद्रशासित प्रदेश में बेहद खराब आधारभूत संरचना है और यह ‘कांग्रेस की संस्कृति’ का शिकार है। मोदी ने कहा कि भाजपा कर्नाटक और अन्य राज्यों में आगामी चुनाव जीतेगी। कांग्रेस सिर्फ पुडुचेरी में वी नारायणसामी सरकार के साथ बचेगी। उन्होंने पंजाब में अमरिंदर सिंह के नेतृत्व वाली कांग्रेस सरकार का उल्लेख नहीं किया। उन्होंने अन्य राज्यों में कांग्रेस की हार की भविष्यवाणी करते हुए कहा, ‘मैं पुडुचेरी के मुख्यमंत्री को बधाई देना चाहता हूं क्योंकि कांग्रेस उन्हें जून के बाद नमूने के तौर पर दिखाने जा रही है।’ उन्होंने दावा किया कि पुडुचेरी में आधारभूत संरचना खराब है और परिवहन और सहकारिता जैसे क्षेत्रों की खराब हालत है। उन्होंने कहा, ‘कांग्रेस पुडुचेरी में सभी मोर्चों पर विफल रही है।’
प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने रविवार को अपने मन की बात कार्यक्रम में स्वच्छता पर विशेष जोर दिया। साथ ही, विकास और महान वैज्ञानिकों का जिक्र करते हुए कहा कि महिलाओं की बराबर भागीदारी सुनिश्चित करना नए भारत का सपना है। प्रधानमंत्री ने देश के कई महान वैज्ञानिकों का जिक्र करते हुए लोगों को बाकी पेज 8 पर राष्ट्रीय विज्ञान दिवस की बधाई भी दी। देशवासियों को उन्होंने लगे हाथ शिवरात्रि और होली की शुभकामनाएं भी दे दी। अंतरराष्ट्रीय महिला दिवस का जिक्र करते हुए मोदी ने कहा कि सामाजिक और आर्थिक जीवन के हर क्षेत्र में महिलाओं की बराबरी की भागीदारी सुनिश्चित करना हम सबका कर्तव्य, जिम्मेदारी और नए भारत का सपना है। उन्होंने सुझाव दिया कि अंतरराष्ट्रीय महिला दिवस पर 100 साल की उम्र पूरा कर चुकी महिलाओं के सम्मान में कार्यक्रम आयोजित किए जाएं। स्वच्छता पर लोगों की ओर से उठाए जा रहे कदमों की तारीफ करते हुए प्रधानमंत्री ने झारखंड की उन 15 लाख महिलाओं का जिक्र किया जिन्होंने एक महीने तक स्वच्छता अभियान चलाया। गोबर धन योजना का जिक्र करते हुए प्रधानमंत्री ने कहा कि मवेशियों के गोबर से बायो गैस और जैविक खाद बनाई जाएगी। लोगों से कचरे और गोबर को आय का स्रोत बनाने की अपील की। उन्होंने कहा कि इसके लिए एक ऑनलाइन ट्रेडिंग प्लेटफॉर्म भी बनाया जाएगा। जो किसानों को खरीदारों से जोड़ेगा ताकि किसानों को गोबर और कृषि के अपशिष्ट का सही दाम मिल सके।
लोगों की सुरक्षा का जिक्र करते हुए उन्होंने कहा- हम यह न सोचें कि सुरक्षा किसी और के लिए है। अगर हम सब अपनी सुरक्षा के लिए सजग हो जाएं तो समाज की सुरक्षा का भाव भी अंतरनिहित होता है। अगर हम सुरक्षा को प्राथमिकता देते हैं तो हम सुरक्षा प्राप्त कर सकते हैं। उन्होंने कहा कि आपदा के लिए काम करने वाला एनडीएमए हमेशा प्राकृतिक आपदा से निपटने के लिए तैयार रहता है। वह लोगों को भी इसका प्रशिक्षण दे रहा है। मोदी ने मन की बात की शुरुआत में देश के नामी वैज्ञानिकों को याद किया। उन्होंने कहा कि इस देश ने विज्ञान के क्षेत्र में कई महान वैज्ञानिकों को जन्म दिया है। एक तरफ महान गणितज्ञ बौधायन, भास्कर, ब्रह्मगुप्त और आर्यभट्ट की परंपरा रही है। वहीं दूसरी ओर चिकित्सा के क्षेत्र में चरक और सुश्रुत हमारे गौरव हैं। सर जगदीश चंद्र बोस और हरगोविंद खुराना से लेकर सत्येंद्र नाथ बोस जैसे वैज्ञानिक भारत के गौरव हैं। प्रधानमंत्री ने नारी शक्ति को नमन करते हुए कहा-नारी शक्ति ने खुद को आत्मनिर्भर बनाया है। उन्होंने खुद के साथ ही देश और समाज को भी आगे बढ़ाने और एक नए मुकाम पर ले जाने का काम किया है। आखिर हमारे नए भारत का सपना यही तो है। हम उस परंपरा का हिस्सा हैं, जहां पुरुषों की पहचान नारियों से होती थी। यशोदा-नंदन, कौशल्या-नंदन, गांधारी-पुत्र यही पहचान होती थी किसी बेटे की।