पटना हाई कोर्ट ने बिहार के रोहताश जिले में 7 अवैध बूचड़खाने सील करने के आदेश दिए हैं। इन सभी को 6 हफ्तों में सील किया जाएगा। यूपी की सत्ता संभालने के बाद मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ ने अवैध बूचड़खानों पर रोक लगाने के आदेश दिए थे। इसके बाद अन्य बीजेपी शासित राज्यों में भी यही आदेश दिया गया था। पिछले महीने 29 मार्च को रास्थान, उत्तराखंड, छत्तीसगढ़ और मध्यप्रदेश सरकार ने अवैध बूचड़खानों और दुकानों को बंद करने के आदेश दे दिए थे, जिसके बाद हरिद्वार में 3, रायपुर में 11 और इंदौर पर 1 मीट की दुकान को सील कर दिया गया था। वहीं जयपुर में लगभग 4,000 अवैध दुकानें बंद कर दी गई थी। नगर निगम ने अप्रैल से ऐसी दुकानों और बूचड़खानों पर कार्रवाई की घोषणा की थी। मीट बेचने वालों ने दावा किया था कि इन 4 हजार दुकानों में से 950 वैध थे, लेकिन कॉरपोरेशन ने पिछले साल 31 मार्च के अब तक उनका लाइसेंस रिन्यू नहीं किया है।

वहीं सीएम योगी आदित्यनाथ के आदेश के बाद 20 मार्च को इलाहाबाद में दो बूचड़खाने और 21 मार्च को वाराणसी में 1 और गाजियाबाद में करीब अवैध 15 स्लाटर हाउस को बंद किया गया था। इसके बाद से कहा जा रहा था कि जल्द ही राज्य में चल रहे अन्य बूचड़खानों पर भी कार्रवाई हो सकती है। सीएम ने पुलिस अधिकारियों को बूचड़खाने बंद करने के लिए एक्शन प्लान तैयार करने के लिए कहा था। साथ ही गो तस्करी पर पूर्ण रूप से रोक लगाने के लिए कहा है।

योगी आदित्यनाथ के इस कदम की कई लोगों ने तारीफ तो कुछ लोगों ने आलोचना की थी। भाजपा नेता सत्यपाल सिंह ने सदन में मानसिक स्वास्थ्य देखरेख विधेयक पर चर्चा में हिस्सा लेते हुए कहा था कि यदि मनुष्य मन पर नियंत्रण कर ले तो सबकुछ संभव है। मन पर अन्न का प्रभाव होता है और इसलिए कहा जाता है कि ‘जैसा खाओगे अन्न, वैसा रहेगा मन।’ सिंह ने कहा कि इसलिए हमें मांसाहार से बचना चाहिए। उन्होंने कहा था , ‘‘इसके लिए मैं उत्तर प्रदेश के मुख्यमंत्री (योगी आदित्यनाथ) को बधाई देता हूं। उन्होंने अवैध बूचड़खानों को तो बंद कर दिया।

वहीं सपा नेता आजम खां ने कहा था कि सिर्फ एक राज्य में नहीं, बल्कि पूरे देश में ही जानवरों की हत्या पर रोक लगा देनी चाहिए। आजम खां ने कहा था “कानूनी और गैरकानूनी क्या होता है। इस विरोध को खत्म किया जाए। इसी में तो तरकीब छुपी हुई है। कहा ये गया था कि बूचड़खाने बंद किए जाएंगे। मैं एक मुस्लिम, हिंदुस्तानी और दोस्त के नाते यह अपील करना चाहता हूं कि सारे बूचड़खाने बंद होने चाहिए और किसी भी तरह का जानवर नहीं काटा जाना चाहिए। क्योंकि यह अहिंसा परमो धर्मा का देश है।”