जम्मू कश्मीर में मुख्यमंत्री मुफ्ती मोहम्मद सईद के पुश्तैनी घर पर मंगलवार को अलगाववादियों ने पाकिस्तानी झंडा लहरा दिया। उनका यह घर बिजबेहड़ा इलाके में है। सोमवार को मुठभेड़ में मारे गए हिज्बुल मुजाहिदीन के तीन आतंकियों का घर यहीं था। इनमें से एक आतंकी का जनाजा निकाला जा रहा था। इसमें सैकड़ों लोग शामिल थे। इसी दौरान मुख्यमंत्री के घर पर हरा और सफेद झंडा फहरा दिया गया। यह बात एक प्रत्यक्षदर्शी ने बताई। पुलिस अफसरों ने घटना पर कुछ कहने से इनकार कर दिया।
मुख्यमंत्री के राजनीतिक विश्लेषक और पीडीपी नेता वहीद पारा ने कहा कि झंडा सईद के घर पर नहीं, बल्कि अहाते में फहराया गया था। उन्होंने कहा कि इस घटना को ज्यादा तूल देने की जरूरत नहीं है। पाकिस्तानी झंडा लहराना फैशन हो गया है। सोशल मीडिया पर ऐसी इक्की-दुक्की घटनाओं को खूब चर्चा मिल जाती है। इस वजह से भी ऐसी हरकतें की जाती हैं।