गुरुवार सुबह पूर्वी दिल्ली के जगतपुरी इलाके में एक रस्क टोस्ट बनाने की बेकरी में विस्फोट होने से तीन कर्मचारियों की मौत हो गई और इतने ही लोग घायल हो गए। विस्फोट स्टील अवन के फटने से हुआ। मरने वालों में जैनुल, साजिद और रफाकत शामिल हैं। हादसा गुरुवार तड़के हुआ। दिल्ली दमकल सेवा को सुबह लगभग पांच बजकर 20 मिनट पर अफलातून बाजार में एक स्टील अवन के फटने और उसके कारण बेकरी में आग लगने की खबर मिली। पुलिस और दमकल के सदस्यों ने तुरंत बचाव अभियान शुरू किया। छह कर्मचारियों को हेडगेवार अस्पताल में भर्ती कराया गया। पुलिस अधिकारी ने बताया कि इनमें से तीन जैनुल, साजिद और रफाकत की मौत हो गई जबकि तीन अन्य का अस्पताल में इलाज चल रहा हैै। मरने वालों में सभी की उम्र लगभग 20 के करीब बताई जा रही है।
इलाके के लोगों का कहना है कि इस बेकरी में 24 घंटे काम होता है जहां करीब 20 से अधिक मजदूर काम करते हैं। आस-पास के लोगों के अनुसार इस बेकरी की कई शिकायतें स्थानीय प्रशासन से की जा चुकी है। लेकिन कभी इसकी सुध नहीं ली गई। पुलिस ने बताया कि हादसे के कारणों की जांच की जा रही है।
