ओडिशा के नगर निकाय चुनावों में राज्य के मुख्यमंत्री नवीन पटनायक की पार्टी बीजू जनता दल (बीजेडी) को शानदार जीत मिली है। 108 नगर निकायों में बीजेडी को 95 नगर निकायों में पूर्ण बहुमत हासिल हुआ है। वहीं 13 नगर निकायों में निर्दलीयों, कांग्रेस और बीजेपी की जीत हुई है। बीजेडी को कटक, बहरामपुर और राज्य की राजधानी भुवनेश्वर नगर निकाय के चुनाव में बड़ी जीत हासिल हुई है।
भुवनेश्वर से बीजेडी की सुलोचना दास को 1,74,562 वोट मिले, जबकि उनकी निकटतम प्रतिद्वंद्वी बीजेपी की सुनीति मुंड को केवल 11,3419 वोट मिले। वहीं कटक में सुभाष सिंह को 69,507 वोट मिले, जबकि कांग्रेस के गिरबाला बेहरा को 43,743 वोट मिले। जबकि बेरहामपुर में संघमित्रा दलाई ने कांग्रेस के निकटतम प्रतिद्वंद्वी मजनू रथ को 6,768 वोटों से हराया।
बीजेडी मयूरभंज जिले की नगर पालिका/अधिसूचित क्षेत्र परिषद (एनएसी) के अध्यक्ष चुनाव में भी तीन सीटों के साथ शीर्ष पर रही। पार्टी के पपी प्रस्टी, अभिषेक पटनायक, कृष्णानंद मोहंती ने क्रमशः करंजिया, रैरंगपुर और बारीपदा सीट से जीत हासिल की। उडाला से बीजेपी की प्रमिला पांडा ने जीत हासिल की है। बता दें कि ओडिशा के नगर निकाय चुनाव के लिए 24 मार्च को वोट डाले गए थे। 40 लाख से अधिक मतदाताओं ने अपने मताधिकार का प्रयोग किया था और 12,200 से अधिक उम्मीदवार मैदान में थे। ऐसा पहली बार हुआ है जब ओडिशा में बीजेडी को 90% निकायों में पूर्ण बहुमत हासिल हुआ है।
जीत के बाद ओडिशा के मुख्यमंत्री नवीन पटनायक ने खुशी जाहिर करते हुए ट्विट कर कहा कि, “ओडिशा म्युनिसिपल चुनाव में भारी समर्थन के लिए ओडिशा के सभी लोगों को धन्यवाद। यह जीत बीजेडी के लिए प्यार और हजारों पार्टी कार्यकर्ताओं के अथक प्रयास का प्रतिबिंब है। पंचायत और शहरी चुनावों में हमें जबरदस्त जीत दिलाने के लिए ओडिशा की जनता का तहे दिल से आभार। हम अपने लोगों के कल्याण के लिए अपना अच्छा काम लगातार जारी रखेंगे।”
बता दें कि हाल ही में ओडिशा में जिला परिषद चुनाव के नतीजे आए थे ,जिसमें 90% सीटों पर बीजेडी ने जीत हासिल की थी। सबसे अहम बात यह थी कि जिला परिषद अध्यक्ष के पद पर 70% महिलाएं काबिज हुईं। मयूरभंज ,गंजाम सुंदरगढ़ समेत कई बड़े जिलों में महिला जिला परिषद अध्यक्ष चुनी गईं।