हिमाचल प्रदेश के किन्नौर जिले में भारत-चीन सीमा पर बुधवार को हिम-स्खलन में सेना का एक जवान शहीद हो गया। प्राप्त जानकारी के मुताबिक सेना के छह जवान फंसे हुए थे, जिनमें से एक की मौत हो चुकी है जबकि पांच अभी लापता हैं। स्थानीय पुलिस और आईटीबीपी (भारत-तिब्बत सीमा पुलिस) की रेस्क्यू टीम की मदद से उन्हें ढूंढने की कोशिश की जा रही है। रेस्क्यू टीम ने कहा है कि जब तक सभी को नहीं ढूंढ लिया जाता ऑपरेशन जारी रहेगा।

डोगरी नाला क्षेत्र में हुआ हिमस्खलनः अधिकारियों की तरफ से दी गई जानकारी के मुताबिक हिमस्खलन की घटना दोपहर करीब 11 बजे शिपकला इलाके के पास डोगरी नाला क्षेत्र में हुई है, जिसमें कई सैन्यकर्मी दब गए। यह इलाका इससे पहले कभी भी हिम-स्खलन की चपेट में नहीं आया था। किन्नोर डिप्टी कमिश्नर गोपालचंद ने बताया कि इस हादसे में एक जवान को गंभीर घायल अवस्था में रेस्क्यू किया गया जिनकी बाद में इलाज के दौरान मौत हो गई।

 वीडियोः जापानी पैराग्लाइडर की हिमाचल प्रदेश में मौत

 

 

हिम-स्खलन के दौरान गश्त कर रहे थे 16 जवानः बाकी दबे हुए पांच जवानों के भी मरने की आशंका जताई जा रही है। अधिकारी ने बताया कि भारत-चीन सीमा पर 16 जवान गश्त कर रहे थे, उसी बीच हिम-स्खलन हुआ। किन्नौर की पुलिस अधीक्षक साक्षी वर्मा ने बताया कि शव की पहचान राकेश कुमार (41) के रूप में की गई है। राकेश सेना की जम्मू-कश्मीर राइफल्स में थे। सेना के प्रवक्ता ने बताया कि जब तक एक-एक व्यक्ति को बचा नहीं लिया जाएगा, तब तक तलाशी एवं बचाव अभियान जारी रहेगा। सेना और आईटीबीपी के जवान बचाव और राहत कार्य में लगे हुए हैं।