Noida DM Sulas LY Transfer: गौतमबुद्धनगर के जिलाधिकारी सुहास एलवाई (Suhas LY) का ट्रांसफर कर दिया गया है। ट्रांसफर होने से पहले उन्होंने देश के लिए एक और पदक हासिल किया है। पैरा-शटलर और नोएडा डीएम सुहास ली स्पेन से स्पेनिश पैरा बैडमिंटन इंटरनेशनल में कांस्य पदक जीतने के बाद आईजीआई हवाई अड्डे पर पहुंचे तो उनका जोरदार स्वागत किया गया।

क्यों हुआ ट्रांसफर

यूपी सरकार ने 14 अधिकारियों का ट्रांसफर किया है। इसमें 5 जिलाधिकारी भी थे। नोएडा के डीएम सुहास एलवाई की पिछले दिनों पदोन्नति कर दी गई थी। उन्हें लखनऊ में खेलकूद विभाग का सचिव नियुक्त किया गया है। सुहास एलवाई 2020 में उस समय जिले के डीएम बनाए गए थे। कोराना काल में उनके काम की काफी चर्चा हुई थी। उनकी तैनाती तत्कालीन डीएम बीएन सिंह को हटाकर की गई थी। पिछले तीन साल में उन्होंने कई अंतरराष्ट्रीय खेल प्रतिस्पर्धाओं में अवॉर्ड भी जीते हैं।

किसे मिली नोएडा की जिम्मेदारी

जौनपुर के जिलाधिकारी मनीष वर्मा (Manish Kumar Verma) को अब गौतमबुद्धनगर का डीएम बनाया गया है। आईआईटी कानपुर से कैमिकल इंजीनियरिंग मनीष कुमार 2011 बैच के आईएएस अधिकारी हैं। मई 2017 में 15 दिन के लिए उन्हें नोएडा अथॉरिटी में बतौर एसीईओ तैनात किया गया था। यहां से उनका कौशांबी ट्रांसफर कर दिया गया। उन्हें कौशांबी का जिलाधिकारी बना दिया गया। मनीष कुमार प्रतापगढ़ और मथुरा के जिलाधिकारी भी रहे हैं।