अगले साल होने वाले विधानसभा चुनावों से पहले उत्तर प्रदेश में कांग्रेस को तगड़ा झटका लगा है। पार्टी के यूपी चीफ निर्मल खत्री ने पद से इस्तीफा दे दिया है। उत्तर प्रदेश कांग्रेस कमेटी के अध्यक्ष निर्मल खत्री ने अपना इस्तीफा पार्टी अध्यक्ष सोनिया गांधी को भेजा था। बताया जा रहा है कि कांग्रेस ने खत्री का इस्तीफा स्वीकार कर लिया है। खत्री को 2012 विधानसभा चुनावों में कांग्रेस की बुरी तरह हार के बाद अक्टूबर में यूपी कांग्रेस की कमान सौंपी गई थी। वे फैजाबाद लोकसभा सीट से सांसद रह चुके हैं।
उत्तर प्रदेश के प्रभारी बनाए गए कांग्रेस सांसद गुलाम नबी आजाद ने पहले ही पार्टी संगठन में बदलाव के संकेत दिए थे। खत्री को अन्य जिम्मेदारी दी जा सकती है और वह चुनावी प्रक्रिया में अपनी भूमिका निभाते रहे। कांग्रेस के चुनावी रणनीतिकार प्रशांत किशोर ने सुझाया था कि पार्टी को उत्तर प्रदेश में किसी ब्राह्मण चेहरे को मुख्यमंत्री पद का उम्मीदवार बनाना चाहिए। बहरहाल, यूपी कांग्रेस कमेटी के अध्यक्ष के लिए पूर्व सांसद राजेश मिश्रा और पूर्व विधानपरिषद सदस्य राजेश पति त्रिपाठी का नाम चर्चा में है। इसके अलावा पूर्व सांसद राजाराम पाल (ओबीसी) और पीएल पुनिया (दलित) के नाम पर भी विचार हो रहा है।
READ ALSO: 2014 के दावों को लेकर सोशल मीडिया पर उड़ रहा मजाक, ट्रेंड में है अगर मोदी पीएम होता…
कांग्रेस के एक नेता ने द इंडियन एक्सप्रेस को बताया, ”आमतौर पर नए राज्य अध्यक्ष अपनी टीम बनाते हैं, लेकिन अब चुनावों में बहुत कम समय बचा है। पार्टी जमीन से लेकर ऊपर तक बदलाव नहीं कर सकती इसलिए नए अध्यक्ष को इसी टीम में कुछ बदलाव करके काम चलाना होगा।”
