राजस्थान में अजमेर जिले के आदर्शनगर पुलिस थाना क्षेत्र में शुक्रवार को खालसा पेट्रोल पंप पर एलपीजी टैंक को साफ करते समय आग लग गई। इस घटना में एक व्यक्ति की मौत हो गई जबकि नौ अन्य लोग झुलस गए। बताया गया कि गैस टैंक काफी दिनों से बंद पड़ा था जिसकी सफाई का काम चल रहा था। पुलिस ने बताया कि घटना के तुरंत बाद घायलों को हॉस्पिटल में भर्ती कराया गया। इनमें 6 लोग 70 से 90 फीसदी तक झुलस गए हैं, जिनकी हालत गंभीर बनी हुई है। वहीं मृतक की पहचान शब्बीर खान के रूप में की गई है जिसके शव को चादर में समेट कर ले जाया गया।
अजमेर के एसपी जगदीश चंद्र ने बताया कि आर्दशनगर थाना क्षेत्र के एक पेट्रोल पंप पर घटना उस समय घटित हुई जब एक एलपीजी टैंकर पंप के भंडारण में पंप कर्मियों की निगरानी में गैस भर रहा था कि अचानक जनरेटर में स्पार्किंग से ब्लास्ट हो गया। उन्होंने बताया कि व्यक्ति की मौके पर ही मौत हो गई जबकि नौ अन्य लोग झुलस गए। उन्होंने बताया कि झुलसे लोगो की स्थिति गंभीर बनी हुई है। अधिकारी ने बताया कि झुलसे लोगों का जवाहर लाल नेहरू अस्पताल में इलाज चल रहा है। भाजपा नेता वासुदेव देवनानी और जिला कलेक्टर प्रकाश राजपुरोहित घायलों से मिले और उनके स्वास्थ्य के बारे में जानकारी ली।
इधर गुजरात के सूरत शहर में शुक्रवार को एक कपड़ा फैक्टरी में भीषण आग लगने से छह लोग झुलस गए जिनमें नगर निकाय के मुख्य अग्निशमन अधिकारी भी शामिल हैं। ये सभी अस्पताल में भर्ती हैं और खतरे से बाहर हैं। अग्नि एवं आपात सेवा के निगम उपायुक्त एन वी उपाध्याय ने बताया कि ए के रोड पर भवानी र्सिकल के पास स्थित श्री लाब्धी प्रिंट्स फैक्टरी में अपराह्न करीब तीन बजे आग लग गई जिसपर शाम लगभग छह बजे तक काबू पा लिया गया। दमकल सेवा ने आग पर काबू पाने के लिए 10 दमकल गाड़ियों को घटनास्थल पर भेजा। उपाध्याय ने बताया कि घटना के समय फैक्टरी में लगभग 35 लोग काम कर रहे थे।
अधिकारी ने कहा, ‘कुछ कर्मचारी खुद ही सुरक्षित बाहर निकल आए, जबकि लगभग 20 अन्य को दमकल र्किमयों ने बचाया। उनमें से मामूली रूप से झुलसे पांच को पास के एक स्थानीय अस्पताल में भर्ती कराया गया।’ उन्होंने बताया कि आग बुझाते समय 12 प्रतिशत झुलसे मुख्य अग्निशमन अधिकारी को भी अस्पताल में भर्ती कराया गया। अधिकारी ने कहा कि कोई भी व्यक्ति गंभीर रूप से नहीं झुलसा है और सभी घायल छह लोग खतरे से बाहर हैं। (एजेंसी इनपुट)

