दिल्ली की एक लड़की ने ओला कैब में सफर करने का अपना बुरा अनुभव सोशल मीडिया पर लोगों से बांटा। आग की तरह फैलती यह पोस्ट ओला कैब के प्रशासन के पास भी पहुंच गई। इसके बाद ओला ने लड़की की पोस्ट का जवाब देते हुए बताया कि ड्राइवर को निकाल दिया गया है। देखिए क्या था लड़की का पोस्ट–
जिस लड़की ने यह पोस्ट किया उसका नाम प्रियंका गुसाई है। प्रियंका ने अपने पोस्ट में बताया कि उसने दिल्ली के चाणक्यपुरी से कैब पकड़ी थी। कैब में बैठने के कुछ देर बाद प्रियंका को लगा कि ड्राइवर पीछे देखने वाले शीशे में से लगातार उसे घूर रहा है। बात यही नहीं रुकी। प्रियंका ने आगे बताया कि ड्राइवर ने अपने फोन का कैमरा भी उसकी तरफ करके रखा हुआ था। फोन देखकर प्रियंका को शक हुआ कि ड्राइवर कैमरे से उसकी वीडियो बना रहा है। प्रियंका ने हिम्मत करके उसका मोबाइल छीन लिया। फोन में अपनी वीडियो देखकर प्रियंका हैरान रह गई। प्रियंका के मुताबिक, फोन में सचमुच उसकी वीडियो थी। उसके बैठने से लेकर तबतक का सारा वीडियो रिकॉर्ड हुआ था।
इसके बाद उसने फटाफट पुलिस को रिपोर्ट किया। मौके पर पुलिस पहुंच भी गई और उन्होंने ड्राइवर को पकड़ भी लिया। प्रियंका लिखती हैं कि पुलिसवाले अधूरे मन से उसका साथ दे रहे थे। मामले के सामने आने के बाद ओला कैब्स ने लिखा, ‘प्रियंका हमें आशा है कि हमारी टीम ने आपको फोन करके लिए गए एक्शन के बारे में पहले ही बता दिया होगा। हमने उस ड्राइवर को अपने यहां से निकाल दिया है। ताकि आने वाले वक्त में ऐसा किसी के साथ ना हो।’
